नई दिल्ली। पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुरमें हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों में भाजपा एग्जिट पोल के नतीजों की तरह ही चार राज्यों में वापसी करती दिख रही है। लाइव चुनाव नतीजों की बात करें तो उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। उत्तराखंड की 70 में से 45 सीटों पर भाजपा आगे है। आम आदमी पार्टी पंजाब के रुझानों में 117 में से 89 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम 2022 में भाजपा 272 सीटों पर आगे चल रही है।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब और भदौर दोनों सीटों से चुनाव हार गए हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला शहर सीट से चुनाव हार गए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर पूर्व सीट से हार गए हैं। इसके अलावा सुखबीर बादल जलालाबाद से चुनाव हार गए हैं। प्रकाश सिंह बादल लांबी सीट से पीछे चल रहे हैं। सोनू सूद की बहन मालविका सूद मोगा से चुनाव हार गई हैं।
योगी आदित्यनाथ ने 37 साल बाद यूपी में दोहराया यह रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सत्ता में ऐतिहासिक वापसी हो रही है। भाजपा अब 260 और सपा 138 सीटों पर आगे चल रही है। बसपा सिर्फ 1 सीट पर आगे है। कांग्रेस पार्टी 3 सीटों पर आगे है। कभी यूपी में एक बड़ी राजनीतिक शक्ति रहने वाली बसपा चौथे नंबर की पार्टी बनती दिख रही है। यह 1985 के बाद पहली बार हो रहा है जब यूपी में कोई सरकार 5 वर्ष का कार्यकाल समाप्त करने के बाद पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर राज्य की सत्ता में काबिज होने जा रही है। नारायण दत्त तिवारी ने यह कारनामा किया था और अब इस लिस्ट में योगी आदित्यनाथ का नाम जुड़ गया है।
सरकार बनने के बाद पहली कलम बेरोजगारी दूर करने के लिए चलेगी- भगवंत मान
पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने कहा कि हम सभी एक साथ मिलकर सेवा करेंगे, जैसे वोट डाला है वैसे ही एकजुट होकर पंजाब को चलाएंगे। पंजाब पहले महलों से चलता था, अब पंजाब गांवों से ही चलेगा. जितने बड़े नाम थे, सब हार रहे हैं। हमने लिखकर दिया था चन्नी साहब हार रहे हैं, वह हो गया है। भगवंत मान ने कहा कि सरकार बनने के बाद हमारी पहली कलम बेरोजगारी को दूर करने के लिए चलेगी। हमें युवाओं को रोजगार देना है। आप मेरे ऊपर यकीन रखें, आपको एक महीने में ही अंतर नजर आने लगेगा। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के किसी भी दफ्तर में मुख्यमंत्री की फोटो नहीं लगेगी, सिर्फ भगत सिंह और बाबा साहेब आम्बेडकर की तस्वीर लगेगी। भगवंत मान ने कहा कि वह राजभवन नहीं बल्कि खटकर कलां में शपथ लेंगे। बता दें कि खटकर कलां शहीद-ए-आजम भगत सिंह का गृह जिला है।
Comments are closed.