Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक जाएंगे राज्यसभा, आप ने किया ऐलान

- Sponsored -

- Sponsored -


  • चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद आम आदमी पार्टी (आप) राज्यसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। आप ने दिल्ली विधायक राघव चड्ढा, क्रिकेटर हरभजन सिंह के अलावा आईआईटी प्रफेसर संदीप पाठक और लवली प्रफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल को उम्मीदवार बनाया है।
    पंजाब में आप की जीत में डॉ. संदीप पाठक ने निभाई थी बड़ी भूमिका
    डॉ. संदीप पाठक आईआईटी में फिजिक्स के जाने-माने प्रफेसर हैं। वह अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के करीबी माने जाते हैं। उन्होंने पंजाब में आप पार्टी की जीत में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने तीन साल पंजाब में डेरा डालकर बूथ लेवल तक संगठन बनाने में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी संदीप पाठक अरविंद केजरीवाल की टीम में बैकरूम बॉय माने जाते हैं। केजरीवाल ने पंजाब में जीत के बाद संदीप पाठक को धन्यवाद कहा। उन्होंने संदीप पाठक के राजनीतिक रणनीतिकार और अभियान डिजाइनर के रूप में उनके योगदान की सराहना की। संदीप कई सालों से पंजाब में आप के लिए रणनीति बनाने में सक्रिय रहे। वह पंजाब में आम आदमी पार्टी की टीमों के साथ बिना लाइमलाइट में आए चुपचाप काम कर रहे।
    संदीप पाठक छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी के रहने वाले हैं। संदीप के पिता शिवकुमार पाठक एक किसान हैं। 4 अक्टूबर 1979 को जन्मे संदीप परिवार के सबसे बड़े बेटे हैं। संदीप से छोटे उनके भाई प्रदीप पाठक औऱ बहन प्रतिभा पाठक हैं। संदीप ने शुरुआती पढ़ाई लोरमी से की। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए बिलासपुर चले गए। कॉलेज की स्टडी उन्होंने हैदराबाद से की। लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से उन्होंने मास्टर और पीएचडी किया। वहां करीब 6 साल रहने के बाद वह अपने देश लौट आए।
    लवली प्रफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर हैं अशोक मित्तल पंजाब
    राज्यसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने चौथा नाम अशोक मित्तल का तय किया है। अशोक मित्तल पंजाब की लवली प्रफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर हैं। वह देश के सफल उद्योगपतियों में से हैं। उनका परिवार विभाजन के समय पाकिस्तान से हिंदुस्तान आकर बसा। उनके पिता ने जालंधर में मिठाई की दुकान से अपने बिजनस की शुरुआत की थी जिसका नाम था लवली स्वीट्स।
    इसके बाद ऑटोमोबाइल क्षेत्र में मारुति कार की डीलरशिप में सफलता मिली। इसके बाद 2001 में अपना संस्थान खोला और उसे पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से संबंद्ध कराया। एलपीयू को 2005 में यूनिवर्सिटी का दर्जा मिला और वह पंजाब की पहली निजी यूनिवर्सिटी बन गई। एलपीयू आज 35 देशों के 30,000 से ज्यादा छात्रों को शिक्षा दे रही है।
    प्रदर्शनों को लेकर नवनियुक्त मंत्रियों को आगाह किया
    इससे एक दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पंजाब में नवनियुक्त मंत्रियों से स्पष्ट शब्दों में प्रदर्शन करने या हटाए जाने के लिए तैयार रहने को कहा था। केजरीवाल ने कहा कि जो विधायक मंत्री नहीं बनाए जाने से नाखुश हैं, उन्हें राज्य की प्रगति के लिए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं को पीछे छोड़ने की जरूरत है। केजरीवाल ने कहा कि वह एक बड़े भाई की तरह उनका मार्गदर्शन करेंगे, जबकि सभी विधायकों को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में एक मजबूत टीम के रूप में ईमानदारी से काम करना होगा।
    केजरीवाल ने फैसलों के लिए मान की सराहना की
    केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद लिए गए फैसलों के लिए मान की सराहना भी की। उन्होंने कहा, ‘मान साहब हर मंत्री को काम के सिलसिले में लक्ष्य देंगे। उन्हें चौबीसों घंटे काम करना होगा।’ पंजाब में नयी सरकार के गठन के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी विधायकों को अपने पहले संबोधन में आप प्रमुख ने कहा, ‘अगर आपके (मंत्रियों) लक्ष्य पूरे नहीं हुए, तो जनता कहेगी कि इस मंत्री को बदलो, दूसरे मंत्री को लाओ…काम किया जाना है और मान साहब जो भी लक्ष्य देंगे, उसे पूरा करना होगा।’

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.