Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

साइक्लोन असानी आंध्र की ओर मुड़ा, रेड अलर्ट जारी, विशाखापट्टनम में लगातार दूसरे दिन 24 फ्लाइट्स कैंसिल

- Sponsored -

- Sponsored -


  • विशाखापट्टनम/भुवनेश्वर/कोलकाता। साइक्लोन असानी ने 24 घंटे में ही अपना रास्ता बदल लिया है। मंगलवार तक ओडिशा और बंगाल की खाड़ी की ओर जाने की आशंकाओं के बीच चक्रवात ने आंध्र प्रदेश की ओर रुख कर लिया है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया। यानी तूफान राज्य में तबाही मचा सकता है। इस अलर्ट के बाद राज्य में आज होने वाले इंटरमीडिएट की परीक्षाएं टाल दी गई हैं।
    असानी के मद्देनजर बुधवार को विशाखापट्टनम में इंडिगो की सभी फ्लाइट्स (22 आगमन और 22 प्रस्थान) कैंसिल कर दी गई है। वहीं, एयर एशिया ने बेंगलुरु और दिल्ली से विशाखापट्टनम जाने वाली एक-एक फ्लाइट कैंसिल कर दी है। IMD वैज्ञानिक, संजीव द्विवेदी ने बताया कि चक्रवात बुधवार सुबह तक काकीनाड़ा एवं विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इसके बाद यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। आंध्र प्रदेश में इसके चलते रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। तूफान का असर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी रहेगा। 11 से 13 मई तक यहां बारिश होगी, साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी
    आंध्र प्रदेश कुछ जिलों में भारी बारिश
    आंध्र प्रदेश में के श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापट्टनम, पूर्वी गोदावरी, कृष्णा, गुंटूर और पश्चिम गोदावरी जिलों में बारिश हो रही है। वहीं, केरल और तमिलनाडु में और भी बारिश की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में मंगलवार से ही हल्की बारिश हो रही है।
    5 नौकाएं पलटी
    ओडिशा के गंजाम जिले के छतरपुर के पास मंगलवार को समुद्र में मछली पकड़ने वाली 5 नौकाएं पलट गईं। इन हादसों में सभी 65 मछुआरे तैरकर किनारे आ गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब पांच मछुआरों को ले जा रही एक नाव पलट गई और उसने चार अन्य नौकाओं को टक्कर मार दी, जिनमें कुल 60 लोग सवार थे। हादसे में सभी नौकाएं डूब गईं।
    आंध्र प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश
    स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान, तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश संभव है। गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण कर्नाटक और केरल के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, शेष पूर्वोत्तर भारत, बिहार और झारखंड के पूर्वी हिस्सों और पश्चिमी हिमालय के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, आंतरिक ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की तलहटी में हल्की बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में मध्यम से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र की स्थिति खराब बनी रहेगी तथा ऊंची लहरें उठेंगी। दक्षिण हरियाणा, राजस्थान के कुछ हिस्सों, गुजरात मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में लू की संभावना है।

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.