Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

आज से शुरू होगी पीएम मोदी की गुजरात यात्रा, मोढेरा को घोषित करेंगे भारत का पहला सौर ऊर्जा संचालित गांव

- Sponsored -

- Sponsored -


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन दिन की यात्रा पर गुजरात जाने वाले हैं। वह गुजरात के मेहसाणा जिले के मोढेरा गांव को देश का पहला सौर ऊर्जा संचालित गांव घोषित करेंगे। सूर्य मंदिर के लिए प्रसिद्ध मोढेरा गांव की जरूरत की पूरी बिजली सोलर पावर से तैयार हो रही है।
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए नहरों और सोलर पार्कों जैसे जगहों पर सोलर पैनल स्थापित करने जैसे बड़े कदम उठाए थे। इसी भविष्य की दृष्टि के चलते आज भारत दुनिया में सौर ऊर्जा का उत्पादन करने और उसका इस्तेमाल करने वाले टॉप 5 देशों में शामिल है।
गुजरात सरकार के अनुसार मोढेरा गांव के घरों में 1000 से अधिक सौर पैनल लगाए गए हैं। इससे ग्रामीणों को चौबीसों घंटे बिना किसी खर्च के बिजली मिल रही है। गुजरात सरकार ने कहा है कि उसने अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए राज्य में विभिन्न कल्याणकारी परियोजनाओं का कार्यान्वयन सुनिश्चित किया है।
संरक्षित पुरातात्विक स्थल है सूर्य मंदिर
मोढेरा में स्थित सूर्य मंदिर संरक्षित पुरातात्विक स्थल है। यहां 9 अक्टूबर को 3-डी प्रोजेक्शन की सुविधा मिलेगी। सौर ऊर्जा से चलने वाला इस 3-डी प्रोजेक्शन का उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे। इससे सूर्य मंदिर आने वाले लोगों को मोढेरा के इतिहास के बारे में बताया जाएगा।
मंदिर परिसर में हेरिटेज लाइटिंग लगाई गई है। शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक लोग मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। हर दिन शाम को 3-डी प्रोजेक्शन किया जाएगा। गौरतलब है कि सूर्य मंदिर मेहसाणा जिले के मोढेरा में पुष्पावती नदी पर स्थित है। इसे चालुक्य वंश के राजा भीम प्रथम ने 1026-27 में बनवाया था।
नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम
9 अक्टूबर शाम 5:30 बजे- मेहसाणा के मोढेरा में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
9 अक्टूबर शाम 6:45 बजे- मोधेश्वरी माता मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे।
9 अक्टूबर शाम 7:30 बजे- सूर्य मंदिर के दर्शन करेंगे।
10 अक्टूबर 11:00 बजे- भरूच के आमोद में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
10 अक्टूबर दोपहर 3:15 बजे- अहमदाबाद में मोदी शैक्षणिक संकुल का उद्घाटन करेंगे।
10 अक्टूबर शाम 5:30 बजे- जामनगर में परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
11 अक्टूबर दोपहर 2:15 बजे- अहमदाबाद के सिविल अस्पताल असरवा में परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह उज्जैन के लिए रवाना होंगे।
11 अक्टूबर शाम 5:45 बजे- उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर जाएंगे और पूजा करेंगे।
11 अक्टूबर शाम 6:30 बजे- उज्जैन में श्री महाकाल लोक जनता को समर्पित करेंगे।
11 अक्टूबर शाम 7:15 बजे- उज्जैन में जनसभा को संबोधित करेंगे।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.