अर्जुन रामपाल को जन्मदिन पर मिल रही है बधाइयां : पत्नी को तलाक, अफ्रीकन मॉडल से प्यार, बिना शादी किए बने पापा… पढ़िए अर्जुन के मशहूर किस्से
अर्जुन रामपाल का आज जन्मदिन है और उनको चाहने वाले बधाइयां दे रहे है। लेकिन बॉलीवुड स्टार्स की निजी जिंदगी की कहानी रील लाइफ से अलग होती है। फिल्मों में वे प्यार में पागल हुए लड़के का किरदार निभाते हैं, लेकिन रियल लाइफ में उनका नाम कई लड़कियों के साथ जुड़ता है। फिल्मों में विलेन के कारण दो प्रेमी दूर होते हैं, लेकिन रियल लाइफ में इनके अलग होने की वजह कोई तीसरा व्यक्ति बन जाता है। अपने रिलेशनशिप को लेकर बॉलीवुड स्टार्स अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। उन्हीं में से एक अर्जुन रामपाल भी हैं। मुलाकात, प्यार, शादी, अफेयर और तलाक… कुछ ऐसी ही है अर्जुन रामपाल की जिंदगी की कहानी। आज उनके जन्मदिन पर हम आपको उनके प्यार के किस्सों से रूबरू कराने जा रहे हैं…
अर्जुन और मेहर की मुलाकात
एक पार्टी में अर्जुन रामपाल की मुलाकात मशहूर फैशन डिजाइनर रोहित बल से हुई। अर्जुन रामपाल के लुक्स और बॉडी को देखकर रोहित बल इम्प्रेस हो गए। रोहित ने अर्जुन को मॉडलिंग करने का ऑफर दिया। मॉडलिंग के दौरान ही अर्जुन रामपाल की मुलाकात मेहर जेसिया से हुई। उस समय मेहर जेसिया मॉडलिंग का मशहूर चेहरा बन चुकी थीं और अर्जुन स्ट्रगलर मॉडल थे। मुलाकात के बाद अर्जुन, मेहर जेसिया को पसंद करने लगे थे।
बीवी हो तो जेसिया जैसी
एक बार इंटरव्यू के दौरान अर्जुन रामपाल ने बताया था कि वे अपने हॉस्टल के कमरे में मेहर जेसिया की तस्वीरें लगाते थे और कहते थे कि बीवी तो ऐसी होनी चाहिए। एक बार वे रैंप पर चलते हुए डर गए और मेहर का हाथ पकड़ लिया। मेहर भी अर्जुन को पसंद करने लगीं। दोनों एक-दूसरे के प्यार में डूब गए। 1998 में दोनों की शादी हुई।
20 साल बाद तलाक
अर्जुन रामपाल और मेहर जेसिया की दो बेटी हुईं, जिनका नाम महिका और मायरा है। अर्जुन और मेहर हंसी खुशी जिंदगी बिता रहे थे, लेकिन एक समय ऐसा आया कि दोनों के बीच दरार आ गई। इस दरार की वजह रितिक रोशन की एक्स वाइफ सुजैन खान रोशन बनीं। दरअसल, मीडिया में खबरें आई थीं कि अर्जुन रामपाल और सुजैन रोशन एक दूसरे को डेट कर रहे थे। ऋतिक रोशन से तलाक लेने के बाद सुजैन और अर्जुन रामपाल काफी करीब आ गए थे। इन खबरों के बीच मेहर और अर्जुन रामपाल के रिश्तो में कड़वाहट पैदा हो गई। साल 2011 से ही उनके रिश्तो में दरार पड़ने की खबरें सामने आ रही थीं। आखिरकार शादी के 20 साल बाद, 2018 में दोनों ने तलाक लेकर अपनी राहें अलग कर ली।
गैब्रिएला से ऐसे मिले अर्जुन
तलाक के बाद अर्जुन रामपाल की मुलाकात अफ्रीकन मॉडल गैब्रिएला से 2018 में आईपीएल की ऑफ्टर के दौरान हुई। दोनों की दोस्ती को प्यार में बदलने में समय नहीं लगा। कुछ सालों बाद दोनों एक दूसरे को डेट करने लगे। फिर, अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। दोनों ने शादी नहीं की। मेहर से तलाक के बाद अर्जुन की मां का निधन हो गया था। अर्जुन काफी परेशान रहने लगे थे। इस दौरान गैब्रिएला ने अर्जुन को संभाला।
बिना शादी के हुआ बेटा
अर्जुन अपने लिव इन रिलेशनशिप के बारे में मीडिया में नहीं बताते थे, लेकिन जब गैब्रिएला प्रेग्नेंट हुईं तो अर्जुन ने यह खबर मीडिया में दी। लिव इन के दौरान ही 2019 में अर्जुन और गैब्रिएला के बेटे अरिक का जन्म हुआ। शादी के बिना बच्चा होने पर लोगों ने उन्हें काफी नकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं। दोनों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए। अपने रिलेशनशिप को लेकर गैब्रिएला का कहना है कि उन्हें अर्जुन इसलिए बेहद पसंद है, क्योंकि वे एक फैमिली मैन हैं। अपने परिवार को समझते हैं। गैब्रिएला, अर्जुन की पहली शादी से हुईं दोनों बेटियों के साथ भी समय बिताती हैं और यही बात अर्जुन को काफी पसंद है।
Comments are closed.