Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

दिल्ली एक्सीडेंट में सनसनीखेज खुलासा : लड़की के साथ स्कूटी पर सहेली थी : वो एक्सीडेंट के बाद भाग गई, कर्मचारी बोला- लड़के आए थे, झगड़ा भी हुआ

- Sponsored -

- Sponsored -


नई दिल्ली। दिल्ली के कंझावला हिट एंड रन केस में अब नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस को जांच में पता चला है कि स्‍कूटी पर पीड़िता के साथ उसकी सहेली भी थी। टक्कर के बाद मृतका कार में फंस गई और उसे 12 किमी तक घसीटा गया। पहले 4 किमी घसीटने की बात सामने आ रही थी। स्कूटी में जो दूसरी लड़की थी, वह हादसे के बाद मौके से भाग गई। उसे भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस आज उसका बयान दर्ज करेगी।
पुलिस ने यह खुलासा रोहिणी इलाके के एक होटल के सामने के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किया। इसमें मृतका अपनी सहेली के साथ बातचीत करते हुए दिख रही है। इसके बाद दोनों स्कूटी पर बैठकर निकल जाती हैं। इस बीच, उस होटल के कर्मचारी ने बताया कि पीड़िता के साथ उसकी सहेली आई थी। दोनों ने डाक्यूमेंट देकर एक रूम बुक किया था। कुछ लड़के भी आए थे, उन्होंने अलग से रूम बुक किया। इसके बाद लड़कियों के रूम गए और वहां करीब 5 मिनट तक रहे।
होटल कर्मचारी ने बताया कि रूम से लड़ने की आवाज आ रही थी और एक-दूसरे को गाली दे रहे थे। हमारे मैनजेर ने सभी को झगड़ा न करने के लिए कहा। इसके बाद दोनों लड़कियां लड़ते हुए निकल गईं। वह होटल के बाहर भी काफी देर तक लड़ती रहीं, जोकि सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस को कल शाम फुटेज दे दिया गया है।
31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे की है घटना
यह घटना कंझावला इलाके में 31 दिसंबर की रात करीब 2 बजे की है। कार सवार 5 युवकों ने 20 साल की एक युवती को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। लड़की कार के नीचे फंसी रही। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिससे पता चल सके कि उन्होंने नशा किया था या नहीं। मृतका का मंगलवार को अंतिम संस्कार हो सकता है।
सभी आरोपी पुलिस की रिमांड पर
कोर्ट ने सोमवार को पांचों आरोपियों मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट के दौरान दीपक खन्ना कार ड्राइव कर रहा था। इनमें मनोज मित्तल भाजपा का नेता बताया जा रहा है।
आरोपियों को लाकर क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी पुलिस
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी डॉ. सागर पी हुड्डा ने बताया कि मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की कई टीमों को भी जांच में लगाया गया है। कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड की मंजूरी दे दी है। आगे अब पुलिस क्राइ सीन रिक्रिएट करेगी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल एविडेंस के आधार पर टाइमलाइन बनाई जाएगी। इसके लिए आरोपियों को क्राइम स्पॉट पर लाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ और धाराएं जोड़ी जाएंगीं। शाम को युवती की डेड बॉडी मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां करीब डेढ़ घंटे उसका पोस्टमॉर्टम हुआ।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.