Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

एशियाई गेम्स : घुड़सवारी टीम ने 41 साल बाद जीता स्वर्ण, भारत की झोली में कुल 14 पदक

- Sponsored -

- Sponsored -


हांगझोऊ। एशियाई खेल 2023 में भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है। पहले दिन देश को पांच और दूसरे दिन छह पदक मिले। पदक तालिका में भारत कुल 14 पदकों के साथ छठे स्थान पर है। भारत के पास तीन स्वर्ण, चार रजत और सात कांस्य पदक हैं। तीसरे दिन भी भारतीय खिलाड़ियों से कई पदकों की उम्मीद है।
तुलिका मान की हार
जूडो में भारत की तुलिका मान मंगोलिया की अमरसैखान से हार गईं, जिन्हें इप्पोन द्वारा विजेता घोषित किया गया। (एक चाल जहां प्रतियोगी अपने प्रतिद्वंद्वी को काफी ताकत के साथ मैट पर फेंकता है ताकि प्रतिद्वंद्वी को अपनी पीठ के बल गिरने के लिए मजबूर किया जा सके)
घुड़सवारी टीम ने जीता स्वर्ण
हृदय छेदा, दिव्यकृति सिंह, अनुष अग्रवाल और सुदीप्ति हजेला की भारतीय मिश्रित टीम ने 41 साल बाद घुड़सवारी ड्रेसेज में स्वर्ण पदक जीता!
स्कोर
1. भारत – 209.205 अंक
2. चीन – 204.882 अंक
3. हांगकांग- 204.852
इबाद अली ने नौकायन में जीता कांस्य
आज के दिन भारत को दूसरा पदक मिल चुका है। इबाद अली ने नौकायन में कांस्य पदक जीता है। इबाद अली पुरुषों की विंडसर्फर आरएस एक्स स्पर्धा में 52 के नेट स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। थाईलैंड के नत्थाफोंग फोनोपराट ने 29 के साथ रजत और दक्षिण कोरिया के चो वोनवू ने 13 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
सचिन सिवाच का शानदार प्रदर्शन
पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग के राउंड 32 में भारत के सचिन सिवाच ने इंडोनेशिया के असरी उदिन को एकतराफ अंदाज में 5-0 से हराया और अंतिम 16 में पहुंच गए।
रामकुमार की हार
रामकुमार रामनाथन तीसरे दौर में दो घंटे 40 मिनट के मुकाबले में जापान के दूसरे वरीय योसुके वतनुकी से 5-7, 7-6(3), 5-7 से हार गए। इस हार के साथ ही वह प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं।
नेहा ने रजत पदक जीता
17 वर्षीय नाविक नेहा ठाकुर ने लड़कियों की डिंगी ILCA4 स्पर्धा में 11 रेसों में कुल 27 अंकों के साथ रजत पदक जीता। थाईलैंड की नोपासोर्न खुनबूनजान ने 16 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि सिंगापुर की केइरा मैरी कार्लाइल ने 28 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
शूटिंग में और पदकों की उम्मीद
25 मीटर पिस्टल महिला क्वालीफिकेशन में शानदार शुरुआत के बाद मनु भाकर 294 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं। ईशा सिंह 292 के साथ तीसरे और रिदम सांगवान 290 के साथ 11वें स्थान पर हैं। हालांकि, रैपिड राउंड के बाद कल चीजें बदल सकती हैं। शीर्ष आठ शूटर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे।
साइकलिंग में भारत का निराशाजनक प्रदर्शन
पुरुष टीम स्प्रिंट क्वालीफाइंग: रोजित सिंह यांगलेम, एसो और रोनाल्डो सिंह लैटोनजाम की भारतीय तिकड़ी 45.394 सेकेंड के समय के साथ नौ टीमों में से सातवें स्थान पर रही।
महिला टीम स्प्रिंट क्वालीफाइंग: सेलेस्टिना, त्रियाशा पॉल और मयूरी धनराज ल्यूट की भारतीय तिकड़ी 52.898 सेकेंड के समय के साथ सात टीमों में से अंतिम स्थान पर रही।
पुरुष टीम परस्यूट क्वालीफाइंग: विश्वजीत सिंह, वेंकप्पा केंगलगुट्टी, नीरज कुमार और दिनेश कुमार की भारतीय चौकड़ी 4:16.085 सेकेंड के समय के साथ सात टीमों में से अंतिम स्थान पर रही।
तुलिका मान दिला सकती हैं एक और पदक
जूडो में तुलिका मान कांस्य पदक मुकाबले में पहुंच गई हैं और यहां जीत हासिल कर वह कांस्य पदक अपने नाम कर सकती हैं। तुलिका मान ने चीनी ताइपे की जिया वेन त्साई के खिलाफ इप्पोन द्वारा अपना रेपेचेज राउंड जीता और महिलाओं के +78 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक मुकाबले में पहुंच गईं।
भवानी देवी की हार
तलवारबाजी में क्वार्टर फाइनल मैच में भवानी देवी को हार का सामना करना पड़ा है। भारत की भवानी देवी को महिलाओं की सेबर व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में चीन की शाओ याकी के खिलाफ 7-15 से हार का सामना करना पड़ा।
हॉकी में भारतीय टीम की बड़ी जीत
हॉकी में भारतीय पुरुष टीम ने सिंगापुर के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की है। भारत ने यह मैच 16-1 के अंतर से अपने नाम किया। इससे पहले टीम इंडिया ने उजबेकिस्तान के खिलाफ 16-0 के अंतर से जीत हासिल की थी। भारत का अगला मैच जापान के साथ है।
दिव्यांश-रमिता ने कांस्य पदक मैच के लिए क्वालिफाई किया
दिव्यांश-रमिता ने कांस्य पदक मैच के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन राउंड में 628.2 का स्कोर किया, जिससे उन्हें छठा स्थान मिला। भारत अब दूसरे कांस्य पदक मैच में सुबह 8:40 बजे दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.