Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

एक ही नाम से बनी 3 फिल्में, तीनों ने बॉक्‍स ऑफिस पर की नोटों की बारिश, दो में बॉबी देओल हैं हीरो

- Sponsored -

- Sponsored -


डेस्क। क्या आप जानते हैं कि एक ही नाम से अब तक तीन फिल्में बनी हैं और तीनों ही ब्लॉकबस्टर रहीं। यानी इन तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर खूब नोटों की बारिश करवाई। है ना हैरान करने वाली और दिलचस्प बात? बॉलीवुड से लेकर साउथ में अब तक एक ही नाम की कई फिल्में बनी हैं। पर ऐसा कभी नहीं हुआ जब वो सभी फिल्में सुपरहिट हुई हों और खूब कमाई की हो। लेकिन आज हम जिस फिल्म की बात करने जा रहे हैं, उस नाम की तीन फिल्में बनीं। इनमें से एक को तो बॉलीवुड की क्लासिक फिल्मों में शुमार किया जाता है।
राज कपूर की ‘बरसात’, 1949 में रिलीज, इतनी थी कमाई
इन तीन फिल्मों का नाम बरसात था, जो अलग-अलग साल में आईं। पहली ‘बरसात’ 1949 में आई थी, जिसमें राज कपूर और नरगिस की जोड़ी थी। इस फिल्म के गाने भी खूब हिट रहे थे। आज भी लोग ‘हवा में उड़ता जाए मेरा लाल दुपट्टा’, ‘जिया बेकरार है’ और ‘बरसात में हमसे मिले’ जैसे गानों को सुनते हैं। इस फिल्म को राज कपूर ने ही डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था। साथ ही वह इसमें लीड रोल में भी थे। ‘बरसात’ जब रिलीज हुई थी, तो इसे काफी पसंद किया गया और इसने बंपर कमाई की थी।
यह उस दौर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। साथ ही राज कपूर के करियर की भी बड़ी हिट फिल्मों में से एक रही। इसी फिल्म की छप्परफाड़ कमाई का नतीजा था कि राज कपूर ने 1950 में RK स्टूडियोज खरीद लिया था। ‘बरसात’ को राज कपूर ने कश्मीर घाटी में शूट किया था। वहां शूट की जाने वाली यह पहली फिल्म थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1949 में ‘बरसात’ ने 2 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि इसे बनाने में तब 35 लाख का खर्च आया था।
बॉबी देओल की ‘बरसात, 1995 में रिलीज, ये थी कमाई
‘बरसात’ नाम से फिर 1995 में एक फिल्म बनी। इससे बॉबी देओल और ट्विंकल खन्ना ने बॉलीवुड में कदम रखे थे। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही, और इसने दोनों स्टारकिड्स को रातोंरात स्टार बना दिया। इस फिल्म के साथ-साथ गाने भी सुपरहिट रहे। बॉबी देओल और ट्विंकल खन्ना की जोड़ी को भी खूब पसंद किया गया। 8 करोड़ के बजट में बनी बॉबी देओल की ‘बरसात’ ने तब 35 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यह 1995 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पांचवी फिल्म रही थी। इसका ‘हमको सिर्फ तुमसे प्यार है’ गाना ब्लॉकबस्टर रहा था।
2005 में रिलीज ‘बरसात’, हीरो बॉबी देओल और ये थी कमाई
तीसरी फिल्म ‘बरसात’ नाम से जो बनी थी, वह 2005 में रिलीज हुई थी। एक बार फिर बॉबी देओल इस फिल्म के हीरो थे। लेकिन हीरोइनें बिपाशा बसु और प्रियंका चोपड़ा थीं। यह बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी। इसका बजट 10 करोड़ रुपये था, पर इसने तब 20 करोड़ का बिजनेस किया था। इस फिल्म का म्यूजिक भी कमाल का था, और सुपरहिट रहा। इसका गाना ‘बरसात के दिन आए’ आज भी पसंद किया जाता है।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.