जकार्ता: इंडोनेशिया के उत्तर-पूर्व में मोलुक्का सागर क्षेत्र में 7.4 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने बताया है कि यह भूकंप गुरुवार को स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब पौने सात बजे आया। इसकी गहराई 35 किलोमीटर थी और इसका केंद्र इंडोनेशिया के टेरनेट से 127 किलोमीटर (79 मील) पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में था। भूकंप के तेज झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। भूकंप से जानमाल की नुकसान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यूएस सुनामी चेतावनी प्रणाली ने कहा है कि भूकंप के बाद पड़ोसी देशों में सुनामी की लहरें आ सकती हैं। पूर्वी इंडोनेशिया के टर्नेट शहर के तट पर उत्तरी मोलुका सागर में भूकंप के कारण आसपास के द्वीपों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अमेरिका की सुनामी चेतावनी प्रणाली के अनुसार, भूकंप के केंद्र से 1,000 किलोमीटर के दायरे में इंडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया के तटों पर खतरनाक सुनामी लहरें उठने की आशंका है।
इंडोनेशिया में अक्सर आते हैं भूकंप
इंडोनेशिया 28 करोड़ से ज्यादा लोगों का एक विशाल द्वीपसमूह है, जहां लगातार भूकंप आते रहते हैं। इसकी वजह इसका प्रमुख भूकंपीय फॉल्ट पर स्थित होन है। प्रशांत बेसिन में ज्वालामुखियों और फॉल्ट लाइनों की एक चाप (रिंग ऑफ फायर) पर स्थित होने के कारण यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते रहते हैं।
साल 2022 में पश्चिम जावा के सियानजुर शहर में 5.6 तीव्रता के भूकंप से कम से कम 602 लोगों की मौत हो गई थी। यह 2018 में सुलावेसी में आए भूकंप और सुनामी के बाद इंडोनेशिया में आया सबसे घातक भूकंप था, जिसमें 4,300 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी।
साल 2004 में हिंद महासागर में आए एक बेहद जोरदार भूकंप ने सुनामी ला दी थी। इससे एक दर्जन देशों में 230,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से ज़्यादातर लोग इंडोनेशिया के आचे प्रांत के थे।