नई दिल्ली। इराक में अमेरिकी वायुसेना के एक रिफ्यूलिंग विमान के क्रैश होने की घटना में 6 में से 4 चालक दलों की मौत हो गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस बात की जानकारी दी। इससे पहले CENTCOM ने बताया था कि KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान पश्चिमी इराक में गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के दौरान हुई, जो ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान का हिस्सा है।
KC-135 जेट हादसा
CENTCOM के अनुसार, दो विमानों के बीच हुई घटना में एक KC-135 नीचे गिर गया, जबकि दूसरा सुरक्षित उतर गया। दुर्घटना दुश्मन या फ्रेंडली फायर की गोलीबारी के चलते नहीं हुई है। बचाव अभियान चल रहा था, जिसमें दो सदस्यों को बचाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि चार की मौत हो चुकी है। शवों की पहचान परिवारों को सूचित करने के बाद 24 घंटे तक सार्वजनिक नहीं की जाएगी। उधर इराक में ईरान समर्थित समूहों ने दावा किया कि उन्होंने विमान को गिराया, लेकिन अमेरिकी सेना ने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
अमेरिका को कितना नुकसान
यह अमेरिकी सेना के लिए हाल के दिनों की एक और चुनौती है। ऑपरेशन की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी, जिसमें अब तक कई हादसे हो चुके हैं। 1 मार्च को तीन F-15E फाइटर जेट्स को फ्रेंडली फायर से नुकसान हुआ था, लेकिन सभी पायलट सुरक्षित बच गए थे। पूरे अभियान में सात अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं और 140 घायल हुए हैं।