कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कोलकाता से शिलांग जा रही इंडिगो की एक फ़्लाइट में बम की धमकी मिली। इसके बाद आनन-फानन में बोर्डिंग कर चुके पैसेंजरों को प्लेन से बाहर निकाला गया। एयरक्राफ़्ट को सिक्योरिटी चेक के लिए एक आइसोलेशन बे में शिफ्ट कर दिया है।
विमान की सघन सुरक्षा जांच की गई
कोलकाता एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E3074 शनिवार सुबह 9:15 बजे कोलकाता से शिलांग के लिए उड़ान के लिए तैयार थी। तकरीबन सभी पैंसेंजर सुरक्षा जांच के बाद बोर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान क्रू मेंबर्स को एयरक्राफ्ट के टॉयलेट कम्पार्टमेंट के अंदर एक कागज़ मिला, जिस पर लिखा था कि एयरक्राफ्ट के अंदर बम है। इसके तुरंत बाद पैसेंजर्स को एयरक्राफ्ट से उतार लिया गया। एयरक्राफ़्ट को आइसोलेशन बे में ले जाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां फ्लाइट की सघन जांच कर रही है।
पिछले महीने भी मिली थी धमकी
बता दें कि पिछले महीने 23 जनवरी को दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट में ऐसी ही धमकी भरी चिट्ठी मिली थी। वह चिट्ठी भी हाथ से ही लिखी गई थी और वह क्रू मेंबर को टॉयलेट में मिली थी। हालांकि तब धमकी भरी चिट्ठी का पता उस समय चला, जब फ्लाइट पुणे में लैंड हो चुकी थी। कोलकाता में धमकी वाला पत्र बोर्डिंग के दौरान ही मिल गया। पुणे वाली घटना में प्लेन की बम निरोधक दस्ते की ओर से सुरक्षा जांच की गई थी, मगर कोई संदेहजनक सामान नहीं मिला। उस फ्लाइट को सुरक्षित घोषित किया गया था।