डेस्क। शाहिद कपूर स्टारर ओ’रोमियो ने रिलीज से पहले ही जलवा दिखाना शुरू कर दिया है। फिल्म 13 फरवरी को रिलीज होगी, लेकिन रिलीज से पहले ही इसने इडवांस बुकिंग के दम पर 1.42 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
13 फरवरी को रिलीज होगी ओ’रोमियो
शाहिद कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ओ’रोमियो’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म 13 फरवरी, 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी और इसे लेकर शाहिद कपूर और फिल्म के निर्देशक विशाल भारद्वाज काफी उत्साहित हैं। शाहिद के फैंस भी बेसब्री से फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, ओ’रोमियो को लेकर शाहिद के फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी के अलावा इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में नाना पाटेकर, दिशा पटानी, अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं, जबकि तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी का स्पेशल कैमियो हैं। इस बीच फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी सामने आ गए हैं, तो चलिए जानते हैं कि रिलीज से पहले फिल्म कितनी कमाई कर चुकी है।
एडवांस बुकिंग में ओ’रोमियो का जलवा
इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, ओ’रोमियो ने एडवांस बुकिंग में जबरदस्त कमाई की है। फिल्म ने रिलीज से पहले ही 1.42 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। ऑल इंडिया एडवांस बुकिंग (ब्लॉक सीटों को छोड़कर) से ओ’रोमियो ने 36.69 लाख रुपये की कमाई की है, जिसमें 3,449 शो के लिए लगभग 16,226 टिकट बिके हैं। ब्लॉक सीटों को शामिल करके आज यानी 11 फरवरी, 2026 को सुबह 8 बजे तक फिल्म ने कुल 1.42 करोड़ की कमाई कर ली है। ओ’रोमियो के पहले दिन के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी NCR में सबसे अधिक एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है, जहां 587 शो के लिए कुल 6.79 लाख रुपये (ब्लॉक सीटों सहित 30.92 लाख रुपये) की कमाई हुई है।
विशाल भारद्वाज-शाहिद कपूर की साथ में चौथी फिल्म
ओ’रोमियो में शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज साथ में करीब 12 साल बाद साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों साथ में ‘कमीने’, ‘रंगून’ और ‘हैदर’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और अब ‘ओ’रोमियो’ के साथ धूम मचाने को तैयार हैं। फिल्म में पहली बार शाहिद कपूर की जोड़ी तृप्ति डिमरी के साथ जमी है और इसके गानों में दोनों की केमेस्ट्री काफी पसंद की गई है। तृप्ति के अलावा फिल्म में उनके ‘लैला मजनू’ को-स्टार अविनाश तिवारी भी शामिल हैं।
तू या मैं से ओ’रोमियो का सामना
ओ’रोमियो 13 फरवरी, 2026, शुक्रवार को वैलेंटाइन डे से ठीक एक दिन पहले सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। अब तक फिल्म के चार गाने रिलीज हो चुके हैं, जिनमें ‘हम तो तेरे ही लिए थे’, ‘आशिकों की कॉलोनी’, ‘इश्क का फीवर’ और ‘पान की दुकान’ शामिल हैं। फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। वहीं बॉक्स ऑफिस पर ओ’रोमियो का मुकाबला गौरव आदर्श और शनाया कपूर की सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म ‘तू या मैं’ से होगा।