डेस्क। एक्ट्रेस जरीन खान की मां का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। जरीन के पिता पहले ही उन्हें छोड़कर चले गए थे। तब मां ने ही जरीन और उनकी बहन को अकेले पाला था। जरीन को 12वीं के बाद परिवार के लिए नौकरी भी करनी पड़ी। अब उनकी मां भी चल बसीं।
जरीन खान की मां का लंबी बीमारी के बाद निधन, पिता पहले ही चले गए थे छोड़कर, तंगी में बीते दिन, pic: Zareen Khan Instagram
एक्ट्रेस जरीन खान की मां परवीन खान का निधन हो गया है। वह काफी लंबे समय से बीमार थीं और बुधवार, 8 अप्रैल को आखिरी सांस ली। जरीन खान की टीम ने उनकी मां के निधन की खबर की पुष्टि की। जरीन खान की मां पिछले कुछ साल में कई बार गंभीर रूप में बीमार हुईं और अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था। पर इस बार वह एक्ट्रेस को अकेला छोड़ गईं।
जरीन की मां का निधन, टीम ने जारी किया स्टेटमेंट
जरीन खान की टीम ने स्टेटमेंट जारी किया, जिसमें कहा, ‘सूचित किया जाता है कि हमारी प्रिय श्रीमती परवीन खान, जरीन खान और सना खान की मां का 8 अप्रैल को निधन हो गया। वह शांतिपूर्वक स्वर्ग सिधार गईं।’
मां की देखभाल के लिए जरीन ने सोशल मीडिया से लिया था ब्रेक
जरीन खान की मां का अंतिम संस्कार 8 अप्रैल, 2026 को सुबह 10 बजे मुंबई के वर्सोवा में कर दिया गया। जरीन कई बार सोशल मीडिया पर अपनी मां के बारे में बात करती नजर आईं। वह फैंस से उनके लिए दुआएं करने को कहती थीं और हाल बताती थीं। जरीन ने मां की देखभाल के लिए कई बार सोशल मीडिया से ब्रेक लिया था। हालांकि, एक्ट्रेस ने यह कभी नहीं बताया कि उनकी मां को क्या बीमारी थी या क्या हुआ था।
अक्टूबर 2025 में अस्पताल में भर्ती थीं जरीन की मां, मार्च 2026 में डिस्चार्ज
अक्टूबर 2025 में जरीन की मां को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, और तब एक्ट्रेस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में फैंस से उनके लिए दुआओं की अपील की थी। इससे पहले 2022 में भी जरीन की मां आईसीयू में भर्ती रही थीं। अभी भी जरीन की मां अक्टूबर 2025 से अस्पताल में भर्ती थीं, पर मार्च 2026 में वह डिस्चार्ज हो गई थीं। साल 2016 में जरीन की मां की हार्ट सर्जरी हुई थी, और तब एक्ट्रेस ने उनकी देखभाल के लिए शूटिंग से ब्रेक लिया था।
पिता छोड़कर चले गए, झेली आर्थिक तंगी, 12वीं के बाद की नौकरी
जरीन खान ने एक बार एक इंटरव्यू में बताया था कि कैसे मां और छोटी बहन का ख्याल रखने के लिए उन्हें स्कूल के बाद सीधे नौकरी करनी पड़ी थी। इस बारे में जरीन ने ‘पिंकविला’ से कहा था, ‘वो एक शाम थी, जिसने हमारी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। पापा हमें छोड़कर चले गए। हमारे पास कोई पैसे नहीं थे। एक रात हम सब परिवार के साथ थे, और अचानक मेरी मां फूट-फूट कर रोने लगीं। मैंने उन्हें शांत करने की कोशिश की और समझाया कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है, मैं सब संभाल लूंगी। फिर मैंने एक कॉल सेंटर में जॉब करनी शुरू की। उस वक्त बहन पढ़ रही थी, और मैंने 12वीं क्लास पास की थी।’