सिलीगुड़ी । सिलीगुड़ी संलग्न डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रंजनशील शर्मा ने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही इलाके में समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा माहौल चुनावी रंग में रंग गया।
काली मंदिर में पूजा-अर्चना की
नामांकन से पहले रंजनशील शर्मा ने ढाकेश्वरी काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे एक विशाल रैली के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल और भी गरम हो गया।
नामांकन के दौरान उनके साथ कृष्ण दास भी मौजूद रहे। समर्थकों की भारी मौजूदगी और उत्साह को राजनीतिक विश्लेषक पार्टी की मजबूत संगठनात्मक क्षमता का संकेत मान रहे हैं।