नई दिल्ली। अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से देशभर में LPG की किल्लत हो गई है। गैस एजेंसियों के बाहर लम्बी लाइनें हैं। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी भी हो रही है। कई जगहों पर ₹2 हजार का कॉमर्शियल सिलेंडर ₹4 हजार में बिक रहा है। वहीं पंजाब में लोग सिलेंडर लेकर भागते नजर आए। केरल में करीब 40% रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर है। उधर, दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने LPG सप्लाई की बिगड़ी स्थिति को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। राजस्थान में प्रदर्शन करते हुए सिलेंडर की शवयात्रा निकाली गई।
राजस्थान: गैस सप्लाई ठप, सिलेंडर की शवयात्रा निकाली
होटल-रेस्टोरेंट में गैस का स्टॉक खत्म होने से बिजनेस ठप होने लगे हैं। कई जगह ताले भी लटकने लगे हैं। वहीं कोटा समेत कई शहरों में हॉस्टल मेस और ढाबों में मजबूरी में लकड़ी, कोयले और इलेक्ट्रिक चूल्हों पर खाना बनाया जा रहा है।
कई शहरों में एजेंसियों पर सुबह 5 बजे से ही लंबी लाइनें लग रही हैं और सिलेंडर न मिलने पर लोगों की पुलिस से झड़प तक हो रही है। इस संकट के बीच सिलेंडर की कालाबाजारी भी हो रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने जयपुर में सिलेंडर की शवयात्रा निकाली।
उत्तर प्रदेश: चूड़ी से लेकर पेठा फैक्ट्रियां तक बंद
यूपी में फैक्ट्रियों को गैस सप्लाई नहीं हो रही है। इसका असर पॉटरी, चूड़ी से लेकर पेठा फैक्ट्रियों तक पड़ रहा। बुलंदशहर में एशिया के सबसे बड़े पॉटरी उद्योग पर पड़ा है। यहां 300-325 यूनिट में से 95% पॉटरी यूनिट बंद हैं। 30 हजार से ज्यादा वर्कर्स बेरोजगार हो गए हैं।
यही हाल फिरोजाबाद में बनने वाली चूड़ियों और आगरा की पेठा फैक्ट्रियों का है। गैस की सप्लाई नहीं मिलने से भटि्ठयां बंद हैं। 55 बड़ी फैक्ट्रियों में से 40 बंद हो चुकी हैं। अगर गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो आगरा में बनने वाली चांदी की पायल पर भी संकट आ सकता है।
मध्य प्रदेश: LPG की ऑनलाइन बुकिंग ठप…वेटिंग 7-8 दिन बढ़ी
मध्य प्रदेश में LPG सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग लगभग ठप है। सर्वर डाउन होने से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में लोग सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। वेटिंग 7 से 8 दिन तक पहुंच गई है। गैस एजेंसियों में लोगों की भीड़ लगी हुई है। इधर गैस की किल्लत के बीच इंडक्शन की कीमतें दोगुनी हो गई हैं। भोपाल में इसकी बिक्री 7 गुना तक बढ़ गई है। वहीं 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट में गैस खत्म होने के कगार पर है।
होटल, रेस्टॉरेंट को 4 दिन से कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिले हैं। भोपाल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के मुताबिक, भोपाल के करीब 2 हजार होटल-रेस्टोरेंट को 4 दिन में एक भी सिलेंडर नहीं मिला।
बिहार: एजेंसी के बाहर लंबी लाइन; कोयला-लकड़ी के रेट बढ़े
बिहार में 4 दिन से कॉमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग बंद है। सप्लाई नहीं होने की वजह से होटल, रेस्टॉरेंट पर काफी असर पड़ रहा है। पटना के बाजारों में लकड़ी और कोयले के भाव भी बढ़ गए हैं। जो लकड़ी एक दिन में 10 किलो ही बिकती थी, अब तीन क्विंटल प्रतिदिन खरीदे जा रहे हैं।
दरभंगा में सुबह 6 बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर 500 मीटर लंबी लाइन लग गई। अररिया में लोग सिलेंडर के लिए कतार में खड़े हैं। मोतिहारी में सिलेंडर के लिए दो लोग आपस में भिड़ गए। ये लड़ाई लाइन में पहले लगने के लिए हुई।
पंजाब: लाइन में लगे बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत, लुधियाना में सिलेंडर लूटा
बरनाला के गांव शैहना में सिलेंडर के लिए 2 घंटे से लाइन में लगे 66 साल के बुजुर्ग भूषण कुमार मित्तल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं अमृतसर में सिलेंडर को लेकर एजेंसी मैनेजर और ग्राहकों के बीच झड़प हुई। वहीं लुधियाना में एक्टिवा सवार बदमाशों द्वारा युवक से सिलेंडर छीनने जैसी वारदातें सामने आई हैं।
गुजरात: 3 से 4 हजार रुपए में बिक रहे कॉमर्शियल सिलेंडर
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी कमी की वजह से यहां ये ब्लैक में 3 से 4 हजार रुपए में बिक रहे हैं। गैस सिलेंडरों की अनुपलब्धता के कारण कुछ व्यापारियों को अपना कारोबार बंद करना पड़ा है। कुछ व्यापारी गैस सिलेंडरों के स्थान पर कोयले के चूल्हे पर काम चला रहे हैं। हालांकि, कोयले के चूल्हे पर खाना पकाने में अधिक समय लगने के चलते कारोबार में गिरावट आई है।
महाराष्ट्र: हर जिले में बनेगा कंट्रोल रूम और कमेटी
राज्य में LPG की बिना रुकावट सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम और कमेटियों का गठन किया है। खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अधिकारियों को गैस वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर रखने को कहा है।
वहीं कई ग्राहकों ने ऑनलाइन और फोन पर सिलेंडर बुक किए हैं, लेकिन उन्हें समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही है। इस वजह से पिछले कुछ दिनों में गैस एजेंसियों के सामने लंबी लाइनें लगी है। कई जगहों पर लोग सुबह एजेंसियों के खुलने से पहले ही कतारों में खड़े हैं।
केरल: 40 प्रतिशत रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर
केरल में करीब 40% रेस्टोरेंट बंद होने को मजबूर हैं। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि कई रेस्टोरेंट कुकिंग के दूसरे तरीकों को अपनाने की स्थिति में नहीं हैं। इस संकट का असर सिर्फ रेस्टोरेंट पर ही नहीं, बल्कि कैटरर्स, हॉस्टल, कैंटीन और श्मशान घाटों पर भी पड़ा है।
केरल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (KHRA) के अध्यक्ष जी. जयपाल ने पीटीआई को बताया कि शुक्रवार तक राज्य के करीब 40% रेस्टोरेंट बंद हो जाएंगे।
केंद्र सरकार ने खाना पकाने के वैकल्पिक तरीके अपनाने की सलाह दी है, लेकिन KHRA का कहना है कि शहरी इलाकों में लकड़ी का इस्तेमाल मुमकिन नहीं है।
हरियाणा: लकड़ी के चूल्हे पर पकने लगा शादियों का खाना
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के चलते हरियाणा समेत पूरे भारत में गैस का संकट शादियों और ढाबों पर दिख रहा है। सरकार ने कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के लिए सीमित कर दी है।
इंडक्शन: अमेजन पर 1 दिन में ही 1.34 लाख इंडक्शन बिके
LPG गैस की किल्लत की वजह से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेजन पर एक ही दिन में करीब 1.34 लाख इंडक्शन की बिक्री दर्ज की गई है। वैसे एक माह में करीब 1.80 लाख इंडक्शन बिकते हैं।
पिछले चार दिनों में अमेजन सहित अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों को मिलाकर करीब 5 लाख इंडक्शन की बिक्री हुई है। अमेजन पर इंडक्शन बेचने वाली ज्यादातर कंपनियों का स्टॉक खत्म हो गया है।