नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच एक बार फिर से नजदीकी बढ़ती दिख रही है, जिसने पाकिस्तान की टेंशन एक बार फिर से बढ़ाकर रख दी है। दरअसल, भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से रक्षा सहयोग पर बातचीत की है। हामिदुल्लाह और द्विवेदी ने संयुक्त प्रशिक्षण पहलों सहित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। इस मुलाकात के बाद ऐसा लग रहा है कि दोनों देशों के बीच एक बार फिर से रिश्ते सुधरने लगे हैं। बता दें कि मोहम्मद यूनुस के कार्यकाल के दौरान दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था।
भारत के ADGPI ने दिया अपडेट
सोशल मीडिया हैंडल X पर एक पोस्ट में, भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (ADGPI) ने कहा, “बांग्लादेश के भारत में उच्चायुक्त एम. हामिदुल्लाह ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान, उन्होंने संयुक्त प्रशिक्षण पहलों सहित द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गहन सहयोग के अवसरों का भी पता लगाया।”
पाकिस्तान के लिए टेंशन क्यों
दरअसल, मोहम्मद यूनुस के कार्यकाल में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच नजदीकी बढ़ी थी। लेकिन अब वहां सरकार के बदलने के बाद मामला भारत के पक्ष में दिख रहा है। भारत सरकार लगातार बांग्लादेश सरकार के संपर्क में है। प्रधानमंत्री मोदी भी रिश्ते को सुधारने को लेकर पॉजिटिव संकेत दे चुके हैं।
भारत ने हाल में बांग्लादेश को 5000 टन डीजल भेजने का वादा किया है जो कि पाकिस्तान से लगभग आधे दाम पर है। ऐसे में भारत से व्यापार बढ़ाने के लिए बांग्लादेश भी रुचि दिखा रहा है। वहीं, अब सेना प्रमुख की बांग्लादेश के उच्चायु्क्त से मुलाकात रिश्ते को आगे बढ़ाने का काम किया है। उम्मीद लगाई जा रही है कि बांग्लादेश आने वाले दिनों में रिश्ते को और सुधारने की बात करेगा।
भारत के विदेश राज्य मंत्री ने भी रिश्ते मजबूत करने की बात की थी
इससे पहले 27 मार्च को, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने भारत-बांग्लादेश संबंधों की अटूट मजबूती पर जोर देते हुए, इस साझेदारी को रणनीतिक और जन-केंद्रित बताते हुए, इसे लचीला और भविष्य के लिए शानदार कदम बताया।
उन्होंने बांग्लादेश के 56वें स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय राजधानी स्थित बांग्लादेश उच्चायोग में आयोजित राष्ट्रीय दिवस स्वागत समारोह में यह भाषण दिया।
उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश का स्वतंत्रता दिवस बांग्लादेशी लोगों की आत्मनिर्णय की भावना और असाधारण लचीलेपन का प्रमाण है और इसने 1971 के मुक्ति युद्ध की गहरी साझा विरासत को भी श्रद्धांजलि दी और क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की।
बांग्लादेश के राजदूत ने क्या कहा
वहीं, सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट में भारत में बांग्लादेश के राजदूत हामिदुल्लाह ने कहा, “साउथ ब्लॉक में भारतीय सेना के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मिलकर खुशी हुई; और रक्षा सहयोग सहित बांग्लादेश-भारत संबंधों पर विचार-विमर्श किया।”