नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बांग्लादेश चुनाव पर पहला बयान सामने आया है। उन्होंने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की बंपर जीत के लिए इसके चेयरमैन तारिक रहमान को बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा:”मैं श्री तारिक रहमान को बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए अपनी हार्दिक बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों द्वारा आपके नेतृत्व में रखे गए गहन विश्वास को दर्शाती है।
भारत निरंतर बांग्लादेश के साथ खड़ा रहेगा
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में निरंतर खड़ा रहेगा। मैं आपके साथ मिलकर हमारी बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने का इंतजार कर रहा हूं।”
दोनों देशों के संबंधों में सुधार की उम्मीद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस पोस्ट के बाद भारत-बांग्लादेश के संबंधों में सुधार की उम्मीद की जा रही है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया के बीमार होने के दौरान उनके स्वास्थ्य के लेकर गहरी चिंता जाहिर की थी और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। बाद में खालिदा के निधन पर गहरा दुख जाहिर किया था। इसे बांग्लादेश के साथ तनावपूर्ण संबंधों में सुधार के लिए एक अहम संकेत माना जा रहा है। पीएम मोदी ने अब बीएनपी की ऐतिहासिक जीत और तारिक रहमान के नेतृत्व के लिए उनको बधाई दी है।