मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक- सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी आज लाल निशान पर खुला। बुधवार के शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स टूटा, जबकि निफ्टी में भी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया में भी 22 पैसे की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले मंगलवार को पूरे दिन के कारोबार में अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील की घोषणा से उत्साह का माहौल बना रहा। सेंसेक्स 3600 से अधिक अंकों की उछाल के साथ खुला था, जबकि निफ्टी में भी 1200 से अधिक अंकों की बढ़त दर्ज की गई थी। कारोबार खत्म होने पर भी सेंसेक्स-निफ्टी में बंपर उछाल देखा गया था। पूरे दिन के कारोबार के बाद अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में कल 1.16 रुपए की बढ़त दर्ज की गई थी। दरअसल, भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील के बाद मंगलवार को आई तूफानी तेजी के बाद आज शेयर बाजार सुस्त है। बीएसई के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स और एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी दोनों की कमजोर शुरुआत रही। बीएसई सेंसेक्स 0.5 परसेंट की गिरावट के साथ 83300 के निशान से नीचे खुला, जबकि एनएसई निफ्टी ने 25675 के लेवल से कारोबार की शुरुआत की।
ग्लोबल संकेतों पर टिकी नजर
आज कारोबार के दौरान निवेशकों की नजर ग्लोबल संकेतों पर रहेगी, जिनमें एशियाई बाजारों के ट्रेंड और वॉल स्ट्रीट पर आया उतार-चढ़ाव शामिल हैं। रुपया की चाल और कमोडिटी की कीमतों में बदलाव भी इंट्राडे सेंटिमेंट को प्रभावित कर सकते हैं। साथ ही भारत और अमेरिका ट्रेड डील से जुड़े डेवलपमेंट और बजट में हाल ही में हुई घोषणाओं पर आ रही प्रतिक्रियाओं का भी असर बाजार पर देखने को मिल सकता है।
ब्रॉडर मार्केट में भी गिरावट
आज सुबह के कारोबार में ब्रॉडर मार्केट में भी गिरावट देखी जा रही है। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.48 परसेंट और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.18 परसेंट की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी आईटी इंडेक्स 5.5 परसेंट से ज्यादा लुढ़क गया है, जिसमें परसिस्टेंट सिस्टम्स,एलटीआईमाइंडट्री, इंफोसिस, एचसीएल टेक, कोफोर्ज, टीसीएस, एमफैसिस और टेक महिंद्रा के शेयरों को नुकसान पहुंचा।
एशियाई बाजारों का हाल
आज ज्यादातर एशियाई बाजार भी गिरावट के साथ खुले। वॉल स्ट्रीट पर रातोंरात आई गिरावट और अमेरिकी टेक्नोलॉजी शेयरों में भारी बिकवाली के बाद निवेशकों का मूड बिगड़ा हुआ है। जापान के शेयर बाजार में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। निक्केई 225 टेक्नोलॉजी शेयरों पर दबाव के चलते लगभग 1.2 परसेंट तक गिर गया। वहीं, टॉपिक्स इंडेक्स में भी गिरावट दर्ज की गई है। इसके विपरीत, दक्षिण कोरियाई बाजारों में अच्छा कारोबार हुआ, जिसमें कोस्पी में 0.4 परसेंट का उछाल आया और कोसडैक में 1 परसेंट से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई।
वॉल स्ट्रीट में गिरावट
अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए क्योंकि टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा गया। एसएंडपी 500 0.84 परसेंट गिरकर 6,917.81 पर आ गया। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 166.67 अंक या 0.34 परसेंट लुढ़ककर 49,240.99 पर बंद हुआ, जबकि दिन में कारोबार के दौरान पहले यह रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया था। नैस्डैक कम्पोजिट 1.43 परसेंट फिसलकर 23,255.19 पर बंद हुआ। इस दौरान एनवीडिया से लेकर माइक्रोसॉफ्ट, अल्फाबेट के शेयरों में भी भारी गिरावट देखी गई।