पटना। TRE 4: सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को शिक्षा विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में विभिन्न श्रेणियों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना उपलब्ध करा दी है।
इसके तहत राज्य के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 46 हजार पदों पर नियुक्ति की जानी है।
ऑनलाइन आवेदन की सूचना शीघ्र
बीपीएससी ने बुधवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन की सूचना शीघ्र ही आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में कक्षा एक से पांच, छह से आठ, नौ से 10 और 11 से 12 तक अध्यापकों की बहाली होगी।
इसी तरह अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में कक्षा एक से पांच, छह से 10 और 11 से 12 में अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक की नियुक्ति की जाएगी।
वहीं, पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में कक्षा छह से आठ, नौ से 10 और 11 से 12 के लिए अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक पदों पर बहाली होगी।
राज्य के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कुल संख्या वर्ष 2023–24 में 4,07,331 थी, जो 2024–25 में बढ़कर 5,40,000 हो गई है।
एकल या एकाधिक पदों पर चयन को लेकर जल्द होगी स्थिति स्पष्ट
शिक्षक अभ्यर्थियों की मांग है कि चयन प्रक्रिया एकल पद के आधार पर सुनिश्चित की जाए। अब तक अभ्यर्थी जितनी श्रेणियों के पदों के लिए आवेदन करते थे, उनका परिणाम सभी श्रेणियों में जारी किया जाता था। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शीघ्र ही पूरी स्थिति से अभ्यर्थियों को अवगत कराया जाएगा।
बीपीएससी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इधर-उधर की सूचनाओं पर ध्यान न दें और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें। श्रेणीवार पदों की संख्या भी दो से तीन दिनों के भीतर सार्वजनिक कर दी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, कक्षा एक से आठ के लिए लगभग 19 हजार, माध्यमिक के लिए 12 हजार और उच्च माध्यमिक के लिए करीब 13 हजार पद चिह्नित किए गए हैं।