सिलीगुड़ी। जलपाईगुड़ी जिले के माल विधानसभा क्षेत्र में 2026 विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की प्रत्याशी सूची जारी होते ही भारतीय जनता पार्टी के भीतर तीखा गुटीय विवाद सामने आ गया। गुरुवार को शुक़्रा मुंडा को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी नाराज़गी फैल गई।
पार्टी कार्यालय पर धावा बोला
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सैकड़ों आक्रोशित कार्यकर्ता माल शहर के गुरजंग झोड़ा मोड़ स्थित पार्टी कार्यालय पर धावा बोल दिया। उग्र भीड़ ने कार्यालय का टिन का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि कार्यालय के भीतर रखी कुर्सियां और टेबल तोड़ी गईं, साथ ही दीवारों पर लगे पार्टी के पोस्टर और फ्लेक्स भी फाड़ दिए गए।
पोस्टरों में लगाई आग
इतना ही नहीं, फाड़े गए पोस्टरों को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे इकट्ठा कर उनमें आग लगा दी गई, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया। हालात को काबू में करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती करनी पड़ी।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है।