कूचबिहार। भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे इलाकों में आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण और भयमुक्त बनाने के लिए कूचलीबाड़ी थाना पुलिस ने विशेष पहल की है। शुक्रवार को मेखलिगंज ब्लॉक के कूचलीबाड़ी क्षेत्र के 109 ब्रह्मोत्तर-कूचलीबाड़ी समेत कई संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों के साथ संयुक्त रूप से रूट मार्च किया गया।
इस अभियान का नेतृत्व कूचलीबाड़ी थाने के ओसी विश्वजीत मलिक ने किया। पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने इलाके में गश्त कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सिर्फ रूट मार्च तक सीमित न रहते हुए, ओसी स्वयं घर-घर जाकर वोटरों से मिले और उन्हें बिना डर के मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों के मन से भय दूर कर सुरक्षित माहौल बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इस दौरान कूचलीबाड़ी थाना की ओर से ओसी के निर्देश पर दो आपातकालीन हेल्प डेस्क नंबर भी जारी किए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। ये फ़ोननंबर हैं 8327833004 , 03582227781