भिंड। मध्य प्रदेश की सड़कों पर तेज रफ्तार एक बार फिर मौत बनकर दौड़ी। भिंड जिले में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्वालियर-इटावा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-719 पर एक तेज रफ्तार बस और ईको वैन की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कहां और कैसे हुआ हादसा
यह भीषण सड़क हादसा गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत छींमका गांव के पास रात करीब 2:30 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर आ रही थी। वहीं बस भिंड से ग्वालियर की ओर जा रही थी। अंधे मोड़ और तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहनों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, ईको वैन पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
वाहन में फंसे कई शव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई शव बुरी तरह फंस गए, जिन्हें निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल भिंड पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को ग्वालियर रेफर किया गया। फिलहाल ग्वालियर के अस्पतालों में इलाज जारी है।
मृतकों और घायलों की पहचान
थाना प्रभारी मनीष धाकड़ के अनुसार, अब तक दो मृतकों की पहचान हो पाई है- अतुल शिवहरे, निवासी फूप जगदीश भदौरिया, निवासी स्योड़ा गांव, अकोड़ा अन्य मृतकों की पहचान दस्तावेजों और वाहन नंबर के आधार पर की जा रही है।