Home » देश » महायुती की महाजीत : 25 निगमों में लहराया भगवा, बीएमसी में 118 सीटें जीतकर किया बहुमत का आंकड़ा पार, शिवसेना यूबीटी-मनसे को मिलीं 72 सीट

महायुती की महाजीत : 25 निगमों में लहराया भगवा, बीएमसी में 118 सीटें जीतकर किया बहुमत का आंकड़ा पार, शिवसेना यूबीटी-मनसे को मिलीं 72 सीट

मुंबई। बीएमसी समेत महाराष्ट्र के 29 महानगरपालिकाओं में चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। मुंबई में भाजपा नीत गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत का आंकड़ा पार कर दिया है। अन्य महानगर पालिकाओं से भी चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं।. . .

मुंबई। बीएमसी समेत महाराष्ट्र के 29 महानगरपालिकाओं में चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। मुंबई में भाजपा नीत गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत का आंकड़ा पार कर दिया है। अन्य महानगर पालिकाओं से भी चुनाव परिणाम सामने आ गए हैं। खबर लिखे जाने तक 29 में से 25 नगर निगमों में भाजपा महायुति को बढ़त हासिल है। मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक में गठबंधन ने बड़ी बढ़त बनाई है। भाजपा ने मुंबई पर पूरी तरह अपना कब्जा जमा लिया है और 45 साल में पहली बार बीएमसी में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। प्रदेश के सभी नगर निगमों में सबसे अहम बीएमसी मानी जाती है। बीएमसी की 227 सीटों में से भाजपा महायुति को 116 सीटें मिलती दिख रही हैं। इनमें भाजपा को 88 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना 28 सीटों पर आगे है। इस तरह मुंबई पूरी तरह भगवामय होती नजर आ रही है।

महाराष्ट्र में एक अभूतपूर्व जीत हासिल की : CM फडणवीस

महाराष्ट्र निकाय चुनावों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र में एक अभूतपूर्व जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी और हमारे गठबंधन सहयोगियों ने मुंबई सहित 29 में से लगभग 25 जगहों पर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, और मैं महाराष्ट्र के लोगों और सभी कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी पर महाराष्ट्र के भरोसे का सबूत है। यह जीत हमारे सभी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है, खासकर लोगों ने हमारे विकास एजेंडे का समर्थन किया है।”

भाजपा की पुणे और पिंपरी चिंचवड में सत्ता बरकरार

भाजपा ने पुणे और पड़ोसी पिंपरी चिंचवाड़ में हुए नगर निगम चुनावों में अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी और एनसीपी (एसपी) सहित विपक्ष को करारी शिकस्त देते हुए निर्णायक बहुमत हासिल किया और दोनों नगर निगमों में सत्ता बरकरार रखी।
पश्चिमी महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी भगवा पार्टी विजयी हुई, जिनमें कोल्हापुर, सांगली, सोलापुर और सतारा जिले शामिल हैं। पुणे में भाजपा ने 95 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस, एनसीपी और एनसीपी (एसपी) ने क्रमशः 15, 20 और 2 सीटें हासिल कीं। पिंपरी चिंचवाड़ में भाजपा ने 127 में से 84 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी। अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 36 सीटें जीतीं।

नागपुर, अकोला और अमरावती नगर निगमों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी

नागपुर, अकोला और अमरावती नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, जबकि चंद्रपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। नागपुर में भाजपा ने 151 में से 102 सीटें जीतकर लगातार चौथी बार सत्ता बरकरार रखी, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना को केवल एक सीट मिली। कांग्रेस ने 34 सीटें, एआईएमआईएम ने छह, इंडियन मुस्लिम लीग ने 4, शिवसेना (यूबीटी) ने 2 सीटें जीतीं, जबकि एनसीपी और बसपा ने एक-एक सीट हासिल की।
चंद्रपुर में कांग्रेस ने 66 में से 27 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने 23 सीटें जीतीं। शिवसेना (यूबीटी) ने छह सीटें, भारतीय शेतकरी कामघर पक्ष (कांग्रेस समर्थित) ने तीन सीटें, वंचित बहुजन अघाड़ी ने दो सीटें जीतीं, जबकि एआईएमआईएम, बसपा और शिवसेना ने एक-एक सीट जीती। निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो सीटें हासिल कीं।
अमरावती नगर निगम में भाजपा ने 87 में से 25 सीटें, युवा स्वाभिमान पार्टी ने 16, कांग्रेस ने 15, एआईएमआईएम ने 11, एनसीपी ने 11, शिवसेना ने तीन, बसपा ने तीन, शिवसेना (यूबीटी) ने दो और वीबीए ने 11 सीटें जीतीं।
अकोला में भाजपा ने 80 में से 38 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 21, शिवसेना (यूबीटी) ने छह, वीबीए ने पांच, एआईएमआईएम ने तीन, एनसीपी (एसपी) ने तीन सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना, एनसीपी, महानगर विकास पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार को एक-एक सीट मिली।

बीएमसी में महायुति को मिला स्पष्ट बहुमत

महायुति गठबंधन ने शुक्रवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। इस गठबंधन ने कुल 227 सीटों में से 118 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। भाजपा ने 89 सीटें जीतीं, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 29 सीटें हासिल की। सत्तारूढ़ गठबंधन ने बहुमत के लिए जरूरी 114 सीटों से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की।

जनता का भरोसा और प्यार हमारी सबसे बड़ी ताकत: नितिन गडकरी

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026 के नतीजों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, जनता ने हमें अगले पांच साल के लिए चुना है। जनता का भरोसा और प्यार हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा, हमने कभी जाति, धर्म या भाषा के आधार पर राजनीति नहीं की। हमने पूरी ईमानदारी के साथ विकास किया और किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया।

शिंदे ने विकास एजेंडे को बताया जनता का समर्थन

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि 29 नगर निगमों के चुनाव में महायुती की शानदार जीत राज्य सरकार के विकास एजेंडे को जनता की स्पष्ट मंजूरी है। ठाणे में 71 सीट जीतने के बाद शिंदे ने कहा कि यह केवल ठाणे ही नहीं बल्कि मुंबई और अन्य नगर निगमों में भी महायुती के पक्ष में माहौल दिखाता है। शिंदे ने बताया कि पिछले तीन साल के दौरान मुख्यमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों की जनता ने सराहना की है। उन्होंने मुंबई को वैश्विक स्तर का वित्तीय हब बनाने का लक्ष्य साझा किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे फिनटेक और ग्लोबल फाइनेंशियल हब बनाने की दिशा में लगातार कहा है। शिंदे ने यह भी कहा कि शिवसेना-भाजपा का गठबंधन अस्थायी नहीं है और दोनों दलों की विचारधारा एक समान है, जिसे भविष्य में भी बनाए रखा जाएगा।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम