डेस्क। मुंह की बदबू किसी के भी सामने शर्मिंदा कर सकती है। इसका असर सिर्फ इतना ही नहीं होता, ये मुंह के रोग , दिल की बीमारी और शरीर की कुछ अन्य समस्याओं का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। मुंह की सफाई का ध्यान न रखना, दांतों और मसूड़ों की सही तरीके से सफाई न करना मुंह की बदबू का मुख्य कारण है। अच्छी सेहत के लिए रोजाना दांतों की सफाई का ध्यान रखना जरूरी है।
मुंह से बदबू क्यों आती है
मुंह की बदबू एक आम समस्या है, लेकिन सांसों की दुर्गंध अगर लंबे समय तक बनी रहे तो ये मुंह के अलावा दिल के रोगों का संकेत हो सकती है। मुंह की सफाई का ध्यान न रखना, दांतों और मसूड़ों की सही तरीके से सफाई न करना मुंह की बदबू का मुख्य कारण है।
ज्यादातर लोग मुंह की सफाई का ध्यान नहीं रखते, डेंटल चेकअप नहीं कराते, जिसके कारण मुंह की बदबू और दांतों के रोग हो सकते हैं। ओरल हेल्थ के नियमों का पालन करके मुंह की बदबू और कई रोगों से बचा जा सकता है। ‘वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे’ के अवसर पर मुंह की सफाई पर जागरूकता जरूरी है।
मुंह की बदबू का हार्ट हेल्थ से क्या कनेक्शन है?
हाल के अध्ययनों से पता चला है कि एथेरोस्क्लेरोटिक प्लाक में मुंह के जर्म पाए जाते हैं, जो मुंह में इन्फेक्शन और दिल के रोग के बीच संबंध की वजह बनते हैं। मसूड़ों की बीमारी से होने वाली सूजन प्लाक का निर्माण करती है, रक्त वाहिकाओं में संकुचन और अस्थिरता को बढ़ाती है, जिससे हृदय गति रुकने और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।
मुंह की बदबू को नजरअंदाज न करें
मुंह और शरीर के बीच गहरा संबंध है। मसूड़ों के जर्म और उनके एंडोटॉक्सिन मसूड़ों के टिशू के माध्यम से रक्तप्रवाह में प्रवेश करते हैं, जिससे बैक्टीरियल इन्फेक्शन शुरू हो सकता है। मुंह की दुर्गंध मामूली समस्या नहीं है। अगर लंबे समय तक सांसों में बदबू बनी हुई है तो इसके परिणाम सेहत के लिए हानिकारक हो सकते हैं। मुंह की दुर्गंध मसूड़ों की बीमारी, दांतों में सड़न या इन्फेक्शन का संकेत होने के साथ-साथ कई गंभीर रोगों का कारण भी हो सकती है।
मुंह की दुर्गंध किन बीमारियों का संकेत हो सकती है?
कभी कभार मुंह से बदबू आना नॉर्मल है, लेकिन सांसों से लगातार बदबू आए तो ये रोग का संकेत हो सकता है। दांतों और मसूड़ों की समस्याएं जब शुरू होती हैं तो शुरुआत में दर्द नहीं होता इसलिए लोग अक्सर इन्हें नजरंदाज कर देते हैं। लेकिन धीरे-धीरे ये लक्ष्मण गंभीर रोग का रूप ले सकते हैं। मुंह की बदबू निम्नलिखित समस्याओं का संकेत हो सकती है-
मसूड़ों में दर्द और सूजन
मसूड़ों की बीमारी (पेरियोडोंटाइटिस)
दांतों में प्लाक जमना
दांतों में सड़न होना
चेहरे या जबड़े में सूजन
बैक्टीरियल इन्फेक्शन
मुंह की सफाई न करने से क्या होता है?
हम अक्सर ऐसे रोगियों से मिलते हैं जो मुंह की दुर्गंध को मामूली लक्षण समझकर तब तक अनदेखा करते हैं जब तक कि वो गंभीर दर्द या किसी बीमारी का रूप नहीं ले लेती। मुंह की नियमित सफाई न करने से दांतों में प्लाक जमा हो जाता है, जिससे दांतों में सड़न और मसूड़ों की बीमारी शुरू हो जाती है। शुरुआत में सड़न दांतों की ऊपरी परत तक सीमित रहती है इसलिए इसके कोई लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन धीरे-धीरे इन्फेक्शन बढ़ने लगता है, जिससे समस्या बढ़ जाती है।
मुंह की बदबू से कैसे बचें?
मुंह से बदबू से बचने के लिए सबसे पहले उसका कारण समझें, उसके अनुरूप उचित इलाज कराएं। इसके साथ ही नियमित रूप से मुंह की सफाई करें। इसके लिए –
सुबह और रात में सोने से पहले सही तरीके से ब्रश करें।
ओरल हाइजीन के लिए माउथ वॉश का इस्तेमाल करें।
हेल्दी डाइट लें और पर्याप्त पानी पिएं।
सिगरेट, पान, सुपारी, गुटका से परहेज करें।
3-4 महीने में अपना टूथ ब्रश बदलें।
6 महीने में डेंटल चेकअप कराएं।
ओरल हेल्थ के प्रति जागरूक रहें
मुंह की सही तरीके से सफाई न करने से दांतों की छोटी-मोटी समस्याएं गंभीर स्थितियों में बदल सकती हैं इसलिए ओरल हेल्थ का विशेष ध्यान रखें। रोजाना दिन में 2 बार ब्रश करें। मुंह की बदबू के प्रति सचेत रहें। सांसों से बदबू आए तो डेंटिस्ट से संपर्क करें और इलाज कराएं। घर में बच्चों को दांतों की सफाई के लिए जागरूक करें। दांतों और मसूड़ों की देखभाल करने से हृदय संबंधी समस्याओं सहित कई गंभीर बीमारियों से बचाव हो सकता है।