रणबीर कपूर ‘रामायण’ फिल्म को लेकर चर्चा में हैं, इस फिल्म को ग्रैंड स्केल पर बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्म 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही है। फिल्म की पहला टीजर 2 अप्रैल को रिलीज हुआ, जिसमें भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर का लुक रिवील हुआ।
निर्देशक नीतेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। हाल ही में फिल्म का टीज़र ‘राम ग्लिम्प्स’ रिलीज़ हुआ, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आए।
फिल्म हमारे देश की संस्कृति को सही तरीके से प्रस्तुत करेगी
इस टीज़र पर अब रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि टीज़र में कुछ चीजें उन्हें अच्छी लगीं, लेकिन कुछ ने निराश भी किया।
सुनील लहरी ने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि यह फिल्म हमारे देश की संस्कृति को सही तरीके से प्रस्तुत करेगी और दुनिया भर के दर्शकों तक ‘रामायण’ की भावना पहुंचाएगी।”
“रणबीर एक बेहतरीन अभिनेता
रणबीर कपूर की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “रणबीर एक बेहतरीन अभिनेता हैं और मुझे उनका काम बहुत पसंद है। वह अच्छा अभिनय करेंगे, लेकिन दर्शक उन्हें राम के रूप में स्वीकार करेंगे या नहीं, यह देखना होगा।”
हालांकि, उन्होंने टीज़र के एक खास सीन पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब रणबीर पहली बार रोशनी में आते हैं, उस दृश्य में जो मासूमियत होनी चाहिए थी, वह मुझे नजर नहीं आई। मुझे लगा कि वह थोड़ा सख्त दिख रहे थे।”
रामायण को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है
उन्होंने आगे कहा कि टीज़र के विजुअल्स बेहद शानदार हैं और एक “खूबसूरत पेंटिंग” जैसे लगते हैं, लेकिन अगर उसमें भावनात्मक गहराई की कमी रही तो यह अधूरा महसूस हो सकता है।
सुनील लहरी ने यह भी कहा कि फिल्म में “वाह फैक्टर” दिखाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, क्योंकि यह साइंस-फिक्शन फिल्मों में काम करता है। उन्होंने टीज़र में राक्षसों के लुक को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि वे कुछ हद तक हॉलीवुड साइंस-फिक्शन फिल्मों जैसे लग रहे थे। फिलहाल, रामायण को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है और सभी को फिल्म की रिलीज़ का इंतजार है।