डेस्क। रिया चक्रवर्ती एक बार फिर कैमरे के सामने लौटने के लिए तैयार हैं। लंबे ब्रेक के बाद वह वेब सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ के जरिए अपने अभिनय करियर की नई शुरुआत कर रही हैं। इस वापसी को लेकर रिया ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा किया, जिसमें उनका उत्साह, डर और उम्मीद तीनों साफ झलकते हैं। वीडियो में रिया बताती हैं कि उन्हें किसी सेट पर कदम रखे हुए करीब सात साल हो चुके हैं, लेकिन अभिनय के लिए उनका जुनून आज भी वैसा ही है। उन्होंने कहा कि समय ने भले ही उन्हें बदल दिया हो, लेकिन उनके भीतर की वह लड़की अब भी जिंदा है, जो 17 साल की उम्र में एक्टर बनने का सपना लेकर मुंबई आई थी।
रिया ने वीडियो के जरिए बयां की फीलिंग
रिया के शब्दों में, ‘सेट पर गए हुए 7 साल हो गए हैं…लेकिन मैं आज भी वही लड़की हूं जो 17 साल की उम्र में एक्टर बनने का सपना लेकर बॉम्बे आई थी। मेरा एक हिस्सा आगे बढ़ गया, लेकिन एक हिस्सा वहीं रुका रहा और इंतजार करता रहा। और मैं यहां हूं, एक बार फिर अपने चैप्टर 2 में…ऐसा लगता है कि जिंदगी वही है जो आपके साथ होती है जब आप दूसरी योजनाएं बनाने में व्यस्त होते हैं।’ अपनी पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने ज़िंदगी के उतार-चढ़ाव पर भी बात की। रिया ने लिखा कि अक्सर जिंदगी वही मोड़ ले लेती है, जिसकी हमने कल्पना भी नहीं की होती और वही हमें आगे बढ़ना सिखाती है। उनकी इस ईमानदार स्वीकारोक्ति पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिला। कमेंट सेक्शन में लोग उन्हें हिम्मत, ताकत और नई शुरुआत के लिए बधाइयां दे रहे हैं। रिया ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि आखिरी बार वो चेहरे में नजर आई थीं और अब वो सात साल बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की मौत का जिक्र किए बिना कहा कि उनकी जिंदगी में कुछ ऐसा हुआ था कि काम मिलना बंद हो गया था। अब वो कई सालों बाद कैमरे के सामने वापसी कर रही हैं, जो उन्हें अच्छा लग रहा है।
शुरुआती करियर और पहचान
रिया चक्रवर्ती ने बहुत कम उम्र में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा था। उन्होंने 2009 में एमटीवी के रियलिटी शो ‘टीन दीवा’ से अपने करियर की शुरुआत की, जिसके बाद वह एक लोकप्रिय वीजे बनीं। एक्टिंग में उनका डेब्यू 2012 में तेलुगु फिल्म ‘तुनीगा तुनीगा’ से हुआ। इसके बाद 2013 में ‘मेरे डैड की मारुति’ के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री ली। शुरुआती दौर में रिया कई फिल्मों और शोज में नजर आईं, लेकिन 2020 के बाद उनका करियर अचानक रुक गया।
‘फैमिली बिजनेस’ में क्या है खास
‘फैमिली बिजनेस’, नेटफ्लिक्स की सीरीज एक हाई-स्टेक कॉर्पोरेट ड्रामा है, जिसकी कहानी सत्ता, पारिवारिक रिश्तों और विश्वासघात के इर्द-गिर्द घूमती है। इस शो की खास बात यह है कि इसमें पहली बार अनिल कपूर और विजय वर्मा एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। सीरीज का निर्देशन हंसल मेहता ने किया है, जो अपनी सशक्त और यथार्थवादी कहानी कहने के लिए जाने जाते हैं। शो की स्टार कास्ट भी काफी दमदार है, रिया चक्रवर्ती के साथ अनिल कपूर, विजय वर्मा, नेहा धूपिया, रायमा सेन, आकाश खुराना, कंवलजीत सिंह, अनंत नाग, ध्रुव सहगल, नंदिश संधू, टीना देसाई जैसे कई मजबूत कलाकार इसमें शामिल हैं।
मुश्किल दौर से नई शुरुआत तक
2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती की ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई थी। कानूनी जांच, मीडिया ट्रायल और सार्वजनिक आलोचनाओं ने उन्हें गहरे मानसिक दबाव में डाल दिया। ड्रग्स से जुड़े एक मामले में सितंबर 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्होंने करीब 28 दिन मुंबई की भायखला जेल में बिताए। बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह बाहर आईं। लंबे समय तक चली जांच के बाद आखिरकार मार्च 2025 में सीबीआई ने सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में रिया चक्रवर्ती को क्लीन चिट दे दी। अब, तमाम विवादों और संघर्षों के बाद, रिया एक बार फिर अपने करियर को नई दिशा देने के लिए तैयार हैं।