सिलीगुड़ी। विधानसभा चुनाव से पहले सिलीगुड़ी में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रधाननगर थाना एंटी क्राइम विंग ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर एक युवक को आग्नेयास्त्र और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गोपाल कर्मकार (24) के रूप में हुई है, जो शहर के पाटी कॉलोनी इलाके का निवासी है। पहले से मिली गुप्त सूचना के अनुसार, एक युवक शालबाड़ी इलाके से हथियार लेकर शिलिगुड़ी जंक्शन की ओर आ रहा था और उसे किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने की योजना थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दार्जिलिंग मोड़ क्षेत्र में घेराबंदी की। संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी लेने पर उसके कमर से एक आग्नेयास्त्र और एक राउंड कारतूस बरामद किया गया।
गिरोह सक्रिय है या नहीं, जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चुनाव से पहले इस हथियार को कहां पहुंचाया जा रहा था और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं। गिरफ्तार आरोपी को आज शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ करने की तैयारी में है।