डेस्क। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपने बल्ले से चमक बिखेर रहे हैं। पहले ही मैच में वैभव ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। उन्होंने महज 15 गेंदों पर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना अर्धशतक पूरा किया। अब वैभव अपने दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों का सामना करते नजर आएंगे। ये मुकाबला गुजरात टाइटंस के होम ग्राउंड पर खेला जाएगा। ऐसे में वैभव जमकर तैयारी कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो फैंस का दिल जीत रहा है।
आशीष नेहरा से लिया आशीर्वाद
Pranaam, Nehra Ji! 🙏🤗 pic.twitter.com/ZnJuPZro7L
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 3, 2026
दरअसल, वायरल वीडियो में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा के पैर छूते नजर आ रहे हैं। यह घटना गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रैक्टिस सेशन के दौरान देखने को मिली। जैसे ही वैभव और नेहरा आमने-सामने आए, युवा बल्लेबाज ने बिना देर किए उनके पैर छू लिए। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने हर किसी का दिल जीत लिया। नेहरा ने तुरंत वैभव को उठाकर गले लगा लिया और जमकर शाबाशी दी।
पहले ही सीजन में किया धमाका
गौरतलब है कि यही गुजरात टाइटंस की टीम थी, जिसके खिलाफ पिछले सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से धमाका करते हुए सनसनी मचाई थी। महज 35 गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने IPL इतिहास में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड बनाया था। इस सीजन में भी उन्होंने शानदार शुरुआत की है और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले ही मैच में अर्धशतक ठोककर अपनी फॉर्म का संकेत दे दिया है।
वैभव सूर्यवंशी लगातार अपनी प्रतिभा से सबको प्रभावित कर रहे हैं। IPL डेब्यू के बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ यूथ ODI सीरीज में उन्होंने जमकर रन बनाए। इसके बाद अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को एक और खिताब दिलाया। IPL में वैभव अब तक 8 मैचों में 304 रन बना चुके हैं, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 38 जबकि स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा का है।