नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। पीएम के भाषण के बाद राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। पीएम मोदी ने राज्यसभा में 1 घंटे 37 मिनट का भाषण दिया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में देश के आर्थिक विकास, ट्रेड डील, नीति आयोग, कांग्रेसी सरकार कों की आलोचना से लेकर विपक्ष के आरोपों का भी चुन-चुन कर जवाब दिया। जानते हैं पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें।
- दुनिया के साथ ट्रेड डील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत कई देशों के साथ भविष्य के लिए तैयार ट्रेड एग्रीमेंट कर रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में दुनिया की कुछ सबसे एडवांस्ड इकोनॉमी के साथ बड़े समझौते किए हैं। उन्होंने 27 देशों वाले यूरोपियन यूनियन के साथ ट्रेड एग्रीमेंट को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज आलोचना करने वालों को आखिरकार यह बताना होगा कि अतीत में भारत ऐसी स्थिति में कैसे पहुंच गया था, जब बार-बार कोशिशों के बावजूद कोई भी देश उसके साथ ट्रेड डील करने को तैयार नहीं था।
- खरगे की उम्र पर तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में विपक्ष की नारेबाजी और वॉकआउट के बीच अपना बहुप्रतीक्षित भाषण दिया। प्रधानमंत्री ने अपना भाषण विपक्षी सांसदों की ‘नेता प्रतिपक्ष को बोलने दो’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ की जोरदार नारेबाजी के बीच शुरू किया। पीएम मोदी ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपनी उम्र को देखते हुए ‘बैठकर’ नारे लगाने चाहिए। भाषण शुरू होने के कुछ ही देर बाद विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया।
- दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के समय भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन पिछली सरकारों की नीतियों के कारण 2014 तक यह 11वें स्थान पर खिसक गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का दूसरा क्वार्टर भारत के एक विकसित देश बनने की यात्रा में बहुत अहम होगा। राज्यसभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले साल ग्रोथ को तेज़ करने और देश के ओवरऑल डेवलपमेंट को मजबूत करने का एक बड़ा मौका देते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत, जिसे कभी ‘कमजोर पांच’ अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, अब दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ग्लोबल साउथ की एक प्रमुख आवाज बनकर उभरा है। साथ ही भविष्य के लिए तैयार ट्रेड एग्रीमेंट पर भी सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
- सरदार पटेल और नर्मदा बांध का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि मैं एक बात बताना चाहता हूं- जब मेरा जन्म नहीं हुआ था, उसके पहले सरदार वल्लभभाई पटेल ने नर्मदा नदी पर बांध बांधने की कल्पना की थी। विषय तो पक्का हो गया, सरदार साहब नहीं रहे। नेहरू ने शिलान्यास किया, लेकिन उसका उद्घाटन मैंने किया जब मैं प्रधानमंत्री बना। ये इनका (कांग्रेस) हाल है।
सबसे जरूरी बात यह है कि दुनिया के सबसे अमीर देश भी बूढ़े हो रहे हैं। उनकी आबादी जीवन के उस पड़ाव पर पहुंच गई है जिसे हम बुढ़ापा कहते हैं। हमारा देश ऐसा है जो विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और साथ ही, दिन-ब-दिन हमारा देश और जवान हो रहा है। यह युवा आबादी वाला देश है।
पीएम मोदी राज्यसभा में
प्रधानमंत्री ने बताया कि उनका जन्म भी नहीं हुआ था उससे पहले सरदार वल्लभभाई पटेल ने नर्मदा नदी पर बांध बनाने की योजना बनाई। सरदार पटेल नहीं रहे, पंडित नेहरू ने परियोजना का शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका इम्प्लीमेंटेशन देखिए, मेरा जन्म भी नहीं हुआ था तब यह योजना बनी थी, और मैंने प्रधानमंत्री के रूप में इसका उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्हें तीन दिन तक नर्मदा सरदार सरोवर बांध के लिए अनशन पर बैठना पड़ा था।
- वोट बैंक पॉलिटिक्स कांग्रेस पर निशाना
राज्यसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वोट-बैंक की राजनीति करने वाले लोग गवर्नेंस के ज़रूरी पहलुओं को कभी मज़बूत नहीं करते। कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसमें साफ विजन की कमी है, और इसी वजह से देश को सालों तक भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति में डूबे हुए लोगों ने कभी भी देश के ऐसे अनेक पहलुओं को मजबूती देना प्राथमिकता नहीं समझा।
- बैकों की मजबूती, एनपीए में कमी
पीएम मोदी ने एनडीए सरकार की तरफ से किए गए बैकिंग सुधारों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि हमने एनपीए के पहाड़ खत्म किए। एनपीए को निम्न स्तर पर लाकर खड़ा कर दिया है। आज एनपीए 1 पर्सेंट से भी नीचे है। ये अपने आप में बैंकों की हेल्थ के लिए उत्तम काम हुआ है। बैंकों का प्रॉफिट हाई रेकॉर्ड पर है, ये अपने आप में देश की इकॉनमी को ताकत देने के लिए है।
- नेहरू, इंदिरा के लिए जनसंख्या समस्या
पीएम मोदी ने कहा कि देश के लोगों के बारे में नेहरू व इंदिरा की सोच क्या थी, इसका अंदाजा एक उदाहरण से समझा जा सकता है। पूर्व पीएम इंदिरा गांधी जब ईरान गई तो उन्होंने अपने भाषण में उन्होंने नेहरू के साथ हुई बातचीत का उल्लेख किया। इंदिरा गांधी ने कहा कि जब किसी ने मेरे पिताजी (नेहरू) से पूछा कि उनके सामने कितनी समस्याएं है तो उन्होंने उतर दिया था कि 35 करोड़। उस समय देश की जनसंख्या 35 करोड़ थी।
पीएम मोदी ने कहा कि 35 करोड़ देशवासी नेहरू जी को समस्या लगते थे, ऐसा कोई मुखिया हो सकता है जी। इस बात का उदाह्रण देते हुए इंदिरा ने कहा कि आज देश की जनसंख्या 57 करोड़ है, इसलिए मेरी समस्याओं की संख्या भी उतनी ही बड़ी है। ये उनकी सोच और हमारी सोच में फर्क है। ये उनकी अप्रोच व हमारी अप्रोच में फर्क है। नेहरू हो, इंदिरा हो या कांग्रेस की पूरी बिरादरी हो, ये भारत के लोगों को समस्या मानते हैं।
- टीएमसी पर घुसपैठ को लेकर निशाना
प्रधानमंत्री ने टीएमसी के लिए कहा कि हमारे टीएमसी के साथियों ने काफी कुछ कहा, जरा खुद तो अपनी गिरेबान में देखें। उन्होंने कहा कि निर्मम सरकार पतन के जितने भी पैरामीटर्स हैं, उसमें नए-नए रिकॉर्ड बनाती जा रही है, और उनके नेता यहां उपदेश दे रहे हैं। ऐसी निर्मम सरकार के कारण वहां (पश्चिम बंगाल) के लोगों का भविष्य अंधकार में डूब रहा है, लेकिन उनको कोई मतलब नहीं है।
पीएम ने कहा कि दुनिया का समृद्ध से समृद्ध देश भी अपने यहां से गैर कानूनी नागरिकों को बाहर निकाल रहा है, पर हमारे देश में घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर प्रेशर डाला जा रहा है। देश का नौजवान कैसे ऐसे लोगों को माफ करेगा, जो उनका हक छीन रहे हैं?
- आदिवासी समाज, सिखों का अपमान
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान विपक्ष के हंगामे को पीएम ने राष्ट्रपति के अपमान से जोड़ा। पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग गरीबी से निकली एक महिला, आदिवासी परिवार से आई एक महिला..आपने लोकसभा में जो व्यवहार किया, आपने आदिवासी समाज का अपमान किया है। पीएम ने कहा कि विपक्ष ने भारत के सर्वोच्च पद पर विराजमान, संविधान ने जिनको सर्वोच्च पद दिया है, आपने उनका अपमान किया है। आपने संविधान का अपमान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी सिखों से नफरत करती है और उसने इस समुदाय का अपमान किया है। प्रधानमंत्री राहुल गांधी की केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर की गई “गद्दार” वाली टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे।
- मोदी की कब्र खोदने वालों को जवाब
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर लोकतंत्र का दावा करते हुए नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारों और ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले साइनबोर्ड का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या इस तरह की दुश्मनी सार्वजनिक जीवन में सही है। पीएम मोदी ने कहा कि मोहब्बत की दुकान वाले मोदी की कब्र खोदने का सपना देखते हैं, किसी नागरिक के लिए ऐसी बात करना संविधान का अपमान नहीं है? उन्होंने कहा कि मोदी की कब्र खोदते हैं, क्योंकि मैंने 370 की दीवार गिराई, 25 साल से कांग्रेस मुझे गाली दे रही है।
मोदी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें “रिमोट कंट्रोल” से चलती थीं। उन्होंने आगे कहा कि कि उनकी सरकार के पास भी एक रिमोट है – ‘देश के 140 करोड़ लोग। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश भर में जवाबदेही, जनता के जनादेश और शासन के फैसलों और नागरिकों की आकांक्षाओं के बीच सीधे संबंध पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में विपक्ष की आलोचना का जवाब देते हुए ये बात कही। उन्होंने कहा कि जब किसी ने उनसे उनकी अच्छी सेहत का राज पूछा, तो उन्होंने जवाब दिया कि वह “रोज दो किलो गालियां खाते हैं। इस पर सदन में मौजूद सदस्यों ने अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया दी।