हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहां एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम और बदनामी में बदल गईं जब नई नवेली दुल्हन ने सुहागरात के दिन ही अपने पति को अपनाने से इनकार कर दिया। मामला थाने तक पहुंचा और शादी के महज कुछ ही घंटों बाद दूल्हा-दुल्हन का रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो गया।
कमरे में दूल्हे को दिया दो टूक जवाब
घटना राठ थाना क्षेत्र की है। गोहांड कस्बे की रहने वाली मिथिलेश कुमारी का निकाह धरम सिंह के साथ बड़े धूमधाम से हुआ था। सोमवार सुबह जब विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल बुधौलियाना पहुंची तो सब कुछ सामान्य लग रहा था लेकिन जैसे ही वह कमरे में पहुंची उसने दूल्हे धरम सिंह को सच्चाई बताते हुए कहा, “मैं किसी और से प्यार करती हूं यह शादी मुझसे जबरदस्ती कराई गई है।”
सीधे कोतवाली पहुंची दुल्हन
सुबह होते ही यह बात पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। दुल्हन घर से निकलकर सीधे राठ कोतवाली पुलिस के पास पहुंच गई। पुलिस के सामने उसने अपने घरवालों पर मारपीट कर जबरन शादी कराने का गंभीर आरोप लगाया। मिथिलेश ने साफ कर दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है और धरम सिंह के साथ एक पल भी नहीं बिताएगी।
दूल्हे का छलका दर्द
इस अप्रत्याशित घटना से दूल्हा धरम सिंह और उसका परिवार सदमे में है। दूल्हे ने अपना दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अगर दुल्हन को यह रिश्ता मंजूर नहीं था तो उसे फेरों से पहले ही बता देना चाहिए था। धरम सिंह के अनुसार ऐन वक्त पर इस खुलासे से समाज में उसके परिवार की भारी किरकिरी हुई है।
थाने में चली पंचायत और हो गया फैसला
कोतवाली प्रभारी राकेश सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच घंटों तक बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर चला। पुलिस और परिजनों ने दुल्हन को समझाने की काफी कोशिश की लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही। जब सुलह की सारी कोशिशें नाकाम रहीं तो दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करने का लिखित समझौता किया। शादी के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन का कानूनी रूप से तलाक जैसा समझौता हुआ और वह अपने मायके वापस लौट गई।