महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को दहशत में बदल दिया है। कुलपहाड़ के ठठेवरा गांव में रहने वाले कैलाश यादव की तीसरी पत्नी इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। आरोप है कि दो पत्नियों को मौत के घाट उतारने के बाद अब कैलाश ने तीसरी पत्नी को भी जहर देकर मारने की कोशिश की है।
दो पत्नियां ‘खत्म’, अब तीसरी का नंबर?
कैलाश यादव की वैवाहिक जिंदगी किसी डरावनी फिल्म जैसी नजर आती है। पीड़ित परिवार और गांव वालों के अनुसार, पहली पत्नी (बादाम) की डिलीवरी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। वहीं दूसरी पत्नी (शगुन) अपनी ही साली से शादी की, जिसने बाद में आग लगाकर खुदकुशी कर ली। और अब तीसरी पत्नी (सर्वेश) 10 साल के वैवाहिक जीवन के बाद सर्वेश अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बेहोश पड़ी है। उसे कथित तौर पर जहर पिलाया गया है।
भाई का आरोप: ‘जीजा ने रची हत्या की साजिश’
सर्वेश के भाई सतीश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए हैं। सतीश का कहना है कि कैलाश उसकी बहन को पिछले एक साल से दाने-दाने के लिए तरसा रहा था। वह उसे रास्ते से हटाना चाहता था। आरोप है कि कैलाश ने साजिश के तहत सर्वेश को जहरीला पदार्थ पिला दिया। भाई का दावा है कि कैलाश अब अस्पताल आकर भी धमकी दे रहा है कि अगर वह बच गई, तो घर लौटने पर उसे जान से मार देगा।
डॉक्टर और पुलिस की कार्रवाई
जिला अस्पताल के डॉक्टर सीएस राजपूत के मुताबिक, महिला की हालत नाजुक है और उसके शरीर में जहर फैल चुका है। फिलहाल उसका उपचार जारी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस से गुहार लगाई है कि कैलाश के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए, ताकि दो मासूम बच्चों की माँ की जान बचाई जा सके।