नई दिल्ली में एनडीए संसदीय दल की बैठक के दौरान भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद एनेक्सी भवन में आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक में पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। बैठक में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर पीएम मोदी को सम्मानित भी किया गया।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद एनेक्सी भवन पहुंचे. उनके साथ केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और भूपेंद्र यादव भी एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल होने पहुंचे। बैठक में एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद रहे। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बीते कुछ महीनों में भारत द्वारा किए गए अहम व्यापार समझौतों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में भारत ने कई बड़े ट्रेड डील्स किए हैं, जिनमें भारत-अमेरिका ट्रेड डील सबसे अहम है। रिजिजू ने इसे भारत की कूटनीतिक और आर्थिक मजबूती का बड़ा उदाहरण बताया। एनडीए नेताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। नेताओं का कहना था कि इस समझौते से भारत को वैश्विक स्तर पर बड़ा आर्थिक फायदा मिलेगा और ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी।
संसद में तीखे हंगामे के आसार
बजट सत्र के तहत संसद की आज होने वाली कार्यवाही में एक बार फिर तीखे हंगामे के आसार हैं. सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चीन से जुड़े मुद्दे पर एक मैगज़ीन की रिपोर्ट का हवाला देने की कोशिश के बाद सदन में नया विवाद खड़ा हो गया, जिसके चलते कार्यवाही दो बार बाधित हुई।
सूत्रों के अनुसार, जिस रिपोर्ट का राहुल गांधी उल्लेख कर रहे थे, उसमें पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे (सेवानिवृत्त) की अप्रकाशित पुस्तक से जुड़े कुछ कथित कोट शामिल बताए गए हैं. स्पीकर ओम बिड़ला ने इसे सदन के नियमों के विरुद्ध बताते हुए राहुल गांधी को इससे बचने करने को कहा।
सत्ता पक्ष ने इसे सदन की मर्यादा और प्रक्रियाओं का उल्लंघन बताते हुए नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधा, जबकि विपक्ष का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से रोकना उचित नहीं है। इस टिप्पणी को लेकर सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के सांसदों के बीच तेज नोकझोंक देखने को मिली।
पहली बार हंगामा बढ़ने पर स्पीकर ने कार्यवाही को शाम 4 बजे तक स्थगित किया, लेकिन कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही राहुल गांधी ने वही मुद्दा दोबारा उठाया. इससे एक बार फिर शोर-गुल शुरू हो गया और स्पीकर ने अंततः लोकसभा की कार्यवाही को मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया।
मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से कार्यवाही शुरू होनी है. प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
- श्रद्धांजलि
पूर्व सांसद सुरूपसिंह हिरया नाइक के निधन पर शोक संदेश.
- प्रश्नकाल
- विभिन्न मंत्रालयों द्वारा दस्तावेज सदन में पेश किए जाएंगे.
- संसदीय समितियों के लिए चुनाव
एस्टिमेट्स कमेटी
पब्लिक अकाउंट्स कमेटी
पब्लिक अंडरटेकिंग्स कमेटी
अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण समिति
के लिए सदस्यों के चुनाव/नामांकन से संबंधित प्रस्ताव रखे जाएंगे.
- कारोबार सलाहकार समिति की रिपोर्ट पर चर्चा
- नियम 377 के तहत उठाए जाने वाले मुद्दे
- राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर आगे की चर्चा