सिलीगुड़ी। बसंत की दस्तक के साथ शहर में होली की रौनक साफ दिखाई देने लगी है। रंगों और पिचकारियों से बाजार सज चुके हैं। खासकर हिलकार्ट रोड इलाके में खरीदारों की भीड़ बढ़ती जा रही है। अबीर के ढेर और आकर्षक डिज़ाइन वाली पिचकारियां बच्चों व युवाओं को खासा लुभा रही हैं।
हथौड़ा, त्रिशूल और शार्क फिश आकार की पिचकारियां ट्रेंड में
इस बार बाजार में हथौड़ा, त्रिशूल और शार्क फिश आकार की पिचकारियां ट्रेंड में हैं। छोटे बच्चों के साथ-साथ किशोरों में भी इन नए डिज़ाइनों को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। कीमतें भी आम लोगों की पहुंच में हैं। अबीर की कीमत 80 रुपये प्रति किलो से शुरू हो रही है, जबकि पिचकारी 10 रुपये से लेकर 150 रुपये तक मिल रही है।
बिक्री उम्मीद के मुताबिक : व्यवसायी
व्यवसायी रंजीत सेन ने बताया, “इस बार होली से पहले ही स्कूल-कॉलेज की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं, इसलिए बाजार अच्छा चल रहा है। बच्चे पहले से ही खरीदारी कर रहे हैं।” हालांकि सभी दुकानों में समान भीड़ नहीं है। एक अन्य दुकानदार ने कहा, “दुकानों की संख्या ज्यादा हो गई है, जिससे बिक्री बंट रही है। मेरे यहां बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं है।”
रंगों का बाजार पूरी तरह गुलजार
अपने पोते के लिए पिचकारी और अबीर खरीदने आए सुब्रत दत्त ने कहा, “कीमतें ठीक हैं। साल में एक बार बच्चों के लिए तो खरीदना ही चाहिए।”
बिक्री में उतार-चढ़ाव के बावजूद शहर में त्योहार का माहौल पूरी तरह बन चुका है। बसंत उत्सव 2026 को लेकर सिलीगुड़ी का रंगों का बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आ रहा है।