नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सुपर 8 का मुकाबला 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। दोनों टीमों के बीच टक्कर के मुकाबले की उम्मीद है। भारत और साउथ अफ्रीका दोनों ही टीमें इस वर्ल्ड कप में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारी हैं। हालांकि इस हाई वोल्टेज मुकाबले से पहले भारत का सूरमा खिलाड़ी चोटिल हो गया है। प्रैक्टिस के दौरान यह घटना हुई।
मोहम्मद सिराज हुए चोटिल
अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़े मुकाबले से पहले भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज चोटिल हो गए हैं। रेवस्पोर्ट्ज के मुताबिक, हार्दिक पंड्या का प्रैक्टिस के दौरान एक शॉट सीधा आकर मोहम्मद सिराज के घुटने पर लगा था। इसके बाद सिराज को काफी ज्यादा दर्द में भी देखा गया था।
बता दें कि मोहम्मद सिराज अब तक इस वर्ल्ड कप में सिर्फ एक ही मुकाबला खेले हैं। उनको अमेरिका के खिलाफ खेलने का मौका मिला था। उस मैच में मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन भी किया था। उन्होंने तीन विकेट लिए थे। इस वर्ल्ड कप में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह भारत के मुख्य पेसर हैं। सिराज को उनके कवर के रूप में रखा गया है।
हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के तौर पर मिली जगह
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पहले भारत की टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा नहीं थे। लेकिन आखिरी मौके पर हर्षित राणा चोटिल हो गए थे। इसके बाद मोहम्मद सिराज को स्क्वाड में शामिल किया गया।
मोहम्मद सिराज का करियर
31 साल के मोहम्मद सिराज ने अब तक भारत के लिए 45 टेस्ट, 50 वनडे और 17 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में सिराज के नाम 139, वनडे में 76 तो टी20 में 17 विकेट हैं। मोहम्मद सिराज को आईपीएल का भी अच्छा अनुभव है। उन्होंने 108 आईपीएल मुकाबलों में 109 विकेट लिए हैं। सिराज 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।