हैदराबाद। हैदराबाद के पोचारम में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हैदराबाद के पोचारम में मनोहर नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर एक महिला को अपना ही HIV-पॉजिटिव खून इंजेक्ट कर दिया, क्योंकि महिला ने उससे शादी करने से मना कर दिया था। मनोहर नाम का यह व्यक्ति HIV-पॉजिटिव है और वह अपने माता-पिता के साथ रहता है। एक युवती, जिसने शुरू में मनोहर से शादी करने के लिए हां कर दी थी और वह उसकी मंगेतर थी। लेकिन जब उसे मनोहर और उसके परिवार के HIV स्टेटस के बारे में पता चला, तो उसने शादी से मना कर दिया था। शादी से मने करने की मनोहर ने युवती को सजा दी और अपना खून निकाला और उसे इंजेक्ट कर दिया।
मंगेतर को लगा दिया अपने खून का इंजेक्शन
रिपोर्ट के अनुसार, 11 मार्च को जब महिला ने शादी से मना कर दिया, तो मनोहर नाराज हो गया और कथित तौर पर उसके घर गया और हैदराबाद के पोचारम/अन्नोजिगुडा IT कॉरिडोर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में, उसने ज़बरदस्ती महिला को HIV/AIDS से संक्रमित खून इंजेक्ट कर दिया। इसके बाद युवती को तेज बुखार आने लगा, जिसके बाद परिवार ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। युवती का इलाज जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। पीड़िता के पिता, चिरंजीवी ने पोचारम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपी मनोहर को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है और आगे की पूछताछ कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी घटना
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा और अंततः पुलिस ने 14 मार्च, शनिवार को आरोपी मनोहर को हिरासत में ले लिया।
मेडिकल साक्ष्यों की गहन जांच
पुलिस अब इस मामले में मेडिकल सबूतों को जुटाने और उनकी पुष्टि करने पर ध्यान दे रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने इंजेक्शन में इस्तेमाल किया गया खून कहां से और कैसे हासिल किया था। युवती का अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। कानून विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला एक सोची समझी साजिश के तहत जानलेवा हमले का है जिसकी जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य बहुत महत्वपूर्ण होंगे।