गुरुग्राम। महिलाओं के साथ हो रहे अपराध के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अभी इंदौर के झकझोर कर रख देने वाले मामले से हम उबर नहीं पाए थे कि गुरुग्राम से दरिंदगी की एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है।
दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक रोंगटे खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यह एक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-69 में19 साल की युवती के साथ उसके ब्वॉयफ्रेंड ने ऐसी दरिंदगी की, जिसे पढ़कर और सुनकर भी शरीर में सिरहन पैदा हो सकती है। युवती त्रिपुरा की रहने वाली है और BSc बायोटेक की छात्रा है। युवती के लिव-इन पार्टनर ने उसके चरित्र पर शक किया और फिर उसे टॉर्चर किया। युवक ने उसे तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा, उसे पीटा और फिर उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब मोहब्बत की डोर से बंधे रिश्ते में किसी लड़की के साथ ऐसी दरिंदगी की गई हो। चलिए आपको बताते हैं क्या है पूरा मामला?
‘तुझे मां बनने लायक नहीं छोडूंगा…’, गुरुग्राम में पार्टनर को किया टॉर्चर
गुरुग्राम में एक युवती के साथ उसके लिव-इन पार्टनर ने ऐसी दरिंदगी की, जिसे लिखते वक्त भी मेरे हाथ मानो कांप रहे हैं। एक जर्नलिस्ट होने के नाते, इस तरह की खबरों को हम अक्सर कवर करते हैं, पर हर बात मन में ये सवाल उठता है कि क्या इन दरिंदों की कोई सीमा है? युवती की जान-पहचान इस शख्स से डेटिंग ऐप के जरिए सितंबर, 2025 में हुई थी और फिर दोनों लिव-इन में रहने लगे। युवक ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके बाद रिलेशन बनाए। युवती इस वक्त सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। पीड़िता और उसकी मां ने युवक पर कई आरोप लगाए हैं। चलिए आपको बताते हैं कि शिकायत में क्या कुछ कहा गया है?
@ शिकायत में बताया गया है कि युवक ने पीडिता को 3 दिनों तक कमरे में बंद रखा, उस पर पेशाब किया और उसे अपनी यूरिन पिलाई। इतना ही नहीं, उसने युवती के प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी।
@ आरोपी ने पीड़िता के न्यूड वीडियोज भी बना लिए थे। उनसे पीड़िता को बुरी तरह मारा और धमकी भी दी कि वो पीड़िता को चलने और मां बनने लायक नहीं छोड़ेगा।
@आरोपी ने पीड़िता को बुरी तरह पीटा, उसके सिर पर स्टील की बोतल और मिट्टी के बर्तन से मारा, उसका सिर दीवा से टकराया और फिर उसके शरीर पर कई जगह चाकू से हमला दिया।
@ ऐसा लगभग 3 दिनों तक चला। इसके बाद पीड़िता ने 18 फरवरी की रात को आरोपी का फोन एक्सेस कर लिया और अपनी मां को बंगाली में इस पूरी घटना के बारे में बताया।
@ आरोपी को बंगाली भाषा नहीं आती थी और इसलिए पीड़िता ने अपनी मां से बंगाली में बात करके पूरी जानकारी दी। पीड़िता ने अपनी मां को घबराते हुए फोन किया और कहा, “मेरे पास टाइम नहीं है, मुझे मार दिया जाएगा। शिवम मुझे 3 दिनों से मार रहा है…उसने मुझे जलाया भी है और आज वो मुझे मार डालेगा। “
@ इसके बाद मां ने इमरजेंसी हेल्पलाइन पर फोन किया और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता को बचाया। आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है।
पहले भी सामने आ चुके हैं इस तरह के मामले
@ कुछ ही दिन पहले इंदौर में एक शख्स ने अपनी गर्लफ्रेंड को चाकू से मार डाला था। इसके बाद उसकी लाश के साथ रेप किया और फिर उसकी प्राइवेट फोटोज, कॉलेज के ग्रुप्स में शेयर की थीं। इसके बाद वो युवक हंसते हुए ये कहता भी नजर आया था, “कुछ नहीं हुआ…जो हो गया वो हो गया, क्या करोगे जानकर…?”
@ पिछले साल अगस्त में भी एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां ग्रेटर नोएडा की रहने वाली निक्की को उसके पति और ससुरावालों ने जिंदा जलाकर मार दिया था। निक्की के पति और परिवार पर आरोप था कि बेटे के सामने ही निक्की के पति ने उसे जलाकर मार दिया। घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
@ पिछले साल छत्तीसगढ़ से भी एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि छत्तीसगढ़ में पिछले 115 दिनों (रिपोर्ट के समय के अनुसार), 30 महिलाओं की हत्या उनके पतियों ने की।
@ इसके अलावा भी दहेज हत्या, शक और न जाने कितना बातों के चलते अपनी पार्टनर को टॉर्चर करने या जान लेने के कई मामले सामने आ चुके है।
आखिर अपने प्यार के साथ भी क्यों सुरक्षित नहीं हैं महिलाएं?
जिस पार्टनर पर भरोसा करके लड़कियां अपनी नई जिंदगी के सुनहरे सपने सजाती हैं, अपी पूरी जिंदगी उसके हाथों में सौंप देती हैं, अगर वो ही दरिंदा निकले, तो फिर शायद लड़कियों के लिए किसी पर भरोसा करना भी मुश्किल हो जाएगा। कभी ब्वॉयफ्रेंड, कभी लिव-इन पार्टनर तो कभी पति…भरोसे की नींव पर बने रिश्ते ही अगर प्यार और भरोसे की हर ईंट को तोड़कर इस तरह की दरिंदगी को अंजाम देंगे, तो क्या लड़कियां कहीं भी सुरक्षित महसूस कर पाएंगी? गुरुग्राम की ये घटना वाकई झकझोर कर रख देने वाली है और ये घटना मानो चीख-चीखकर पूछ रही है कि आखिर इतनी वहशी सोच कैसे लोगों में पनप रही है?