सांगली। महाराष्ट्र के सांगली जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। दरअसल, यहां पर एक कलयुगी पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों को चोरी के मामूली शक में ऐसी खौफनाक सजा दी कि एक बच्ची की जान चली गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता दादू उर्फ नाना यमगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूछताछ करने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हैवान पिता को शक था कि उसकी 10 वर्षीय बेटी ऋतुजा और 11 वर्षीय बेटी अनुजा ने अतपड़ी के बनपुरी स्थित एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुराए हैं। केवल शक के आधार पर पिता को इतना गुस्सा आया कि उसने दोनों बच्चियों के हाथ-पैर बांधे और उन्हें घर की छत के नीचे दीवार पर लगे लोहे के एंगल से उल्टा लटका दिया।
पानी की गुहार पर भी नहीं पसीजा कलेजा
पिता के सिर पर हैवानियत इस कदर सवार थी कि मासूम ऋतुजा पूरी रात प्यास से तड़पते हुए पानी की भीख मांगती रही, उसका पत्थर दिल कलेजा नहीं पसीजा। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों और आरोपी के पिता ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो दादू ने उन पर हंसिया (Scythe) से हमला करने की धमकी देकर पीछे हटा दिया। दोनों बहनें पूरी रात उसी दर्दनाक स्थिति में लटकी रहीं।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
अगली सुबह जब दोनों बच्चियों को बेहोश पाया गया, तब उन्हें नीचे उतारकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया। 10 साल की ऋतुजा की हालत नाजुक होने के कारण उसे सोलापुर के पंढरपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, बड़ी बहन अनुजा का अस्पताल में इलाज जारी है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी पिता गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की जांच
डॉक्टरों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का प्राथमिक दावा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।