कोलकाता। असम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। यहां एक ही चरण में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल भी काफी तेज हो गई है। इस बीच अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 17 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। टीएमसी ने उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में कुल 17 केंडिडेट्स के नाम हैं, जिन्हें असम की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया गया है। बता दें कि असम में टीएमसी का सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस से होगा।
इन प्रत्याशियों के नाम का ऐलान
वहीं अब अगर टीएमसी की ओर से जारी प्रत्याशियों की लिस्ट की बात करें तो इसमें कुल 17 नाम हैं। प्रत्याशियों में बाओखुंगरी से दांगी नार्जरी, बिलासीपारा से मोमिनूर इस्लाम, जलेश्वर से आरिफ अख्तर अहमद, अभयपुरी से कौशिक रंजन दास, बजली से कल्याणी कलिता, चमरिया से दालू अहमद, बोको चायगांव से भोगलाल राभा, पालास्बरी से बिकास नाथ योगी, बरखेत्री से अमिरुल इस्लाम, गोरेश्वर से रंजन चौहान, मंगलादाई से हरे कृष्णा डेका, धेमाजी से नरेंद्र कुमार पॉ, दिग्बोई से जितेन नाग, माकुम से दिलीप मोरन, उधारबोंद से तापस दास, काटीगोरा से फजलूर रहमान लश्कर और सोनाई सीट से शाहजहां लश्कर का नाम है।
असम में 9 अप्रैल को चुनाव
बता दें कि असम में 20 मई 2026 को सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। ऐसे में चुनाव आयोग ने असम में मतदान कराने का ऐलान कर दिया है। असम में विधानसभा चुनाव से जुड़ी तारीखों की घोषणा भी कर दी गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां असम में एक ही चरण के तहत 9 अप्रैल को मतदान संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए 23 मार्च तक प्रत्याशियों को नामांकन कर लेना होगा। वहीं चुनाव के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार असम में करीब 2.25 करोड़ वोटर्स हैं, जो अपने मत का प्रयोग करेंगे।