नई दिल्ली। असम विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग आज हो रही है। चुनाव मैदान में कुल 722 उम्मीदवार हैं, जिनमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद (एजेपी) अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक, 35 जिलों के 31,490 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। कुल 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं, जिनमें 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं।
कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा ने 90 सीट पर चुनाव लड़ रही है। एआईयूडीएफ 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि राजग की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) क्रमशः 26 और 11 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं। विपक्षी खेमे में राइजोर दल 13 सीटों पर, असम जातीय परिषद 10 सीटों पर, माकपा तीन सीटों पर और एपीएचएलसी दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य दलों में आप 18 सीटों पर, यूपीपीएल (18), तृणमूल कांग्रेस (22), झामुमो 16 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
बीमार मां के साथ वोट डालने पहुंचे गौरव गोगोई
असम चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अपना वोट डाला। वह जोरहाट के DCB गर्ल्स हाई स्कूल में बने एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डालने पहुंचे थे। वोट देने के बाद उन्होंने कहा कि आज असम के लिए एक अहम दिन है। निजी तौर पर, मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि आज मेरी मां भी यहां वोट डालने आई हैं। स्वास्थ्य कारणों से वे लोकसभा चुनावों के दौरान वोट नहीं डाल पाई थीं। आज उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया है।
प्रियंका गांधी ने की वोट डालने की अपील
प्रियंका गांधी ने असम विधानसभा चुनाव में लोगों से वोटिंग की अपील की। प्रियंका गांधी ने असम की महिलाओं संग एक छोटा का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, असम की मेरी प्यारी बहनों, प्यारे भाइयों! आज लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लीजिए। अपने राज्य, अपनी जमीन, अपनी संस्कृति, अपनी सभ्यता और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट कीजिए। आप एक ऐसी सरकार के हकदार हैं जो सिर्फ आपके लिए काम करे और आपको मजबूत करे। जय असम! जय कांग्रेस!
असम में शांतिपूर्ण मतदान जारी
असम चुनाव 2026 के लिए AGP सांसद फणी भूषण चौधरी ने बोंगाईगांव के बिरझोरा गर्ल्स हाई स्कूल में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया जारी है। हो सकता है कि कुछ छोटी-मोटी दिक्कतें हों, जो चुनावों में आम बात है, लेकिन कुल मिलाकर, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।
सुबह 9 बजे तक असम में 18 फीसदी वोट
असम विधानसभा चुनाव में लोग खूब वोट कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2026 में सुबह 9 बजे तक असम में 17.87%, केरल में 16.23% और पुडुचेरी में 17.41% मतदान हुआ। वोटिंग अपडेट देखें तो खास बात है कि सबसे ज्यादा वोट असम में पड़े हैं। सुबह 9 बजे तक वोट डालने में असम के लोग आगे रहे। असम के बूथों पर लाइन लगी हैं। महिलाएं खूब बढ़चढ़कर वोट डाल रही हैं। वहीं फर्स्ट टाइम वोटर्स में भी खूब जोश नजर आ रहा है।