Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

आरजेडी में शामिल हुईं आनंद मोहन की पत्नी लवली आंनद

- Sponsored -

- Sponsored -


नई दिल्ली: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार में सियासी घमासान जोरों पर है। चुनाव के ठीक पहले जेल में बंद बाहुबली नेता आनंद मोहन की पत्नी और पूर्व सांसद लवली आंनद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल हो गई है। लवली आनंद अपने पुत्र चेतन आनंद के साथ आज आरजेडी में शामिल हुईं। इस मौके पर तेजस्वी यादव और आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी मौजूद रहे। लवली आनंद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आवास पहुंची और राबड़ी देवी और राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलााकत की। इसके बाद उन्होंने अपने पुत्र चेतन आनंद के साथ राजद की सदस्यता ग्रहण कर ली।

आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने लवली आनंद को पार्टी की सदस्यता दिलायी। जगदानंद सिंह ने कहा कि लवली आनंद ने राजद को ज्वाइन कर लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने खुद पार्टी में शामिल कराया है।

आरजेडी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद लवली आनंद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार निशाना साधा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उनकी कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने आरजेडी में मन से काम करने का वादा करते हुए कहा कि नीतीश सरकार सभी पुरूषार्थी नेताओं को जेल भेजने का काम कर रही है, ऐसे लोगों को सत्ता से बेदखल करने के लिए सभी को एकजुट करेंगी। लवली आनंद ने दावा करते हुए कहा कि उनके साथ सभी वर्गों का समर्थन है।

वहीं, आनंद मोहन और लवली आनंद के बेटे चेतन आनंद ने कहा कि हमारे साथ धोखा हुआ है। महाराणा प्रताप जयंती के दिन क्या कहा गया था और क्या किया गया है। चुनाव से पहले लवली आनंद के आरजेडी में शामिल होने से पार्टी को अगड़ों का साथ मिल सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले लवली आनंद पति आनंद मोहन की रिहाई को लेकर लगातार मुख्यमंत्री नीतीश सरकार से गुहार लगा रही थी। हालांकि, बात नहीं बनी। उसके बाद लवली आनंद का नीतीश से मोह भंग हो गया और उन्होंने लालटेन का दामन थाम लिया।

उधर लवली आंनद के आरजेडी में शामिल होते ही शिवहर की सियासत में गर्मा हो गई है। जैसे लवली आनंद आरजेडी में शामिल हुईं, बैसे ही ऐसा माना जाने लगा है कि वह शिवहर सीट से महागठबंधन समर्थित आरजेडी की प्रत्याशी होंगी। वैसे अभी तक किसी भी रूप में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। आरजेडी में लवली की हुई इंट्री के बाद राजद, कांग्रेस समेत महागठबंधन से टिकट के दावेदारों में मायूसी दिख रही है।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.