डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का पहला मैच आज शनिवार 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाना। एसआरएच के लिए पिछला सीजन काफी निराशाजनक रहा था, जिसमें टीम पॉइंट्स टेबल पर छठे स्थान पर रही थी। इस बार टीम अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बगैर अपने अभियान का आगाज करेगी। कमिंस की गैरमौजूदगी में युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन सनराजर्स की अगुवाई करेंगे, जो आज मैदान पर उतरते ही इतिहास रचेंगे।
किशन बनेंगे एसआरएच के सबसे कम उम्र के भारतीय कप्तान
ईशान किशन जब इस मैच में कप्तानी करने उतरेंगे तो वह 27 साल और 253 दिन की उम्र के होंगे। इस तरह वह सनराइजर्स हैदराबाद के आईपीएल इतिहास में कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय कप्तान बन जाएंगे। वह इस फ्रेंचाइजी की कप्तानी करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के कप्तान होंगे। उनसे पहले न्यूजीलैंड के केन विलियमसन ने यह रिकॉर्ड बनाया था। जब उन्होंने 2018 सीजन में एसआरएच की कप्तानी की थी, तब उनकी उम्र 27 साल और 244 दिन थी।
दूसरे हाफ में होगी कमिंस की वापसी
बता दें कि शिखर धवन, मनीष पांडे और भुवनेश्वर कुमार उन अन्य भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने इससे पहले आईपीएल में सनराइजर्स की कप्तानी की है। एसआरएच के नियमित कप्तान पैट कमिंस हैं, जो पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दूसरी हाफ में वापसी कर सकते हैं।
कोच डेनियल विटोरी ने जताया भरोसा
सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने ईशान किशन को स्टैंड-इन कप्तान नियुक्त करने के टीम के फैसले पर भरोसा जताते हुए कहा कि मैनेजमेंट को उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने में जरा भी हिचकिचाहट नहीं हुई, क्योंकि उन्होंने खुद को एक आत्मविश्वास से भरा खिलाड़ी और एक बेहतरीन लीडर साबित किया है।