सिलीगुड़ी। भारी बारिश और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित उत्तरबंगाल में हालात लगातार चिंताजनक। इस आपदा में कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसी परिस्थिति में सोमवार को नागराकाटा इलाके का दौरा करने पहुंचे भाजपा सांसद खगन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमला हुआ। घटना को लेकर पूरे राज्य की राजनीति गर्म है। अब इस स्थिति के मद्देनज़र केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उत्तरबंगाल दौरे की अटकलें तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह बुधवार को उत्तरबंगाल आ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि वे बाढ़ व भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और भाजपा सांसद खगन मुर्मू से अस्पताल में मुलाकात भी कर सकते हैं। हालांकि, अब तक उनकी यात्रा को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और भाजपा की ओर से भी कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है।
सोमवार को जब भाजपा सांसद खगन मुर्मू और विधायक शंकर घोष नागराकाटा के आपदा-प्रभावित इलाके का दौरा करने पहुंचे, तभी अचानक भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। गाड़ी पर पथराव किया गया और सांसद खगन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि उनकी आंख के नीचे की हड्डी टूट गई है और उन्हें सर्जरी की ज़रूरत है।
भाजपा ने इस हमले के लिए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि टीएमसी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
मुख्यमंत्री भी पहुंचीं नागराकाटा
मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद उत्तरबंगाल पहुंचीं और नागराकाटा में आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने राहत कार्यों का जायजा लिया और सरकार की ओर से हर संभव সাহায्य का भरोसा दिलाया।
राजनीतिक माहौल गरम
घटनाक्रम को देखते हुए भाजपा चाहती है कि अमित शाह खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और पीड़ितों को आश्वस्त करें। यदि उनका दौरा होता है, तो यह राज्य की राजनीति और भी ज्यादा गरमा सकती है।