Home » देश » उत्तराखंड के चमोली में बादल फटा, 7 लोग लापता: मसूरी में 2500 टूरिस्ट्स फंसे, हिमाचल में 419 मौतें

उत्तराखंड के चमोली में बादल फटा, 7 लोग लापता: मसूरी में 2500 टूरिस्ट्स फंसे, हिमाचल में 419 मौतें

चमोली (उत्तराखंड) : राज्य में लगातार दूसरी बार बादल फटने की घटना सामने आई है। रविवार रात चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में बादल फटा, जिससे कुंटरी लंगाफली वार्ड में छह घर मलबे में दब गए। इस हादसे में. . .

चमोली (उत्तराखंड) : राज्य में लगातार दूसरी बार बादल फटने की घटना सामने आई है। रविवार रात चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में बादल फटा, जिससे कुंटरी लंगाफली वार्ड में छह घर मलबे में दब गए। इस हादसे में 7 लोग लापता हैं, जबकि 2 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

इससे एक दिन पहले, 16 सितंबर को देहरादून में भी बादल फटने की घटना हुई थी। इसके चलते देहरादून से मसूरी जाने वाला 35 किलोमीटर का रास्ता कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण मसूरी में लगभग 2500 पर्यटक तीसरे दिन भी फंसे हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश में अब तक 419 मौतें

हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में बारिश, बाढ़, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से अब तक 419 लोगों की जान जा चुकी है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल, दोनों राज्यों को अगले 48 घंटे के लिए हाई अलर्ट पर रखा है।

मानसून जाते-जाते भी भारी बारिश के आसार

देश में इस साल मानसून 24 मई को केरल पहुंचा था। 17 सितंबर तक देश में सामान्य से 8% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
हालांकि राजस्थान (पश्चिम), पंजाब और हरियाणा से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन देश के सात राज्यों में अब भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

ग्लोबल फोरकास्ट सिस्टम (GFS) और मौसम विभाग के मुताबिक, सितंबर के आखिरी सप्ताह और अक्टूबर की शुरुआत में बंगाल की खाड़ी में एक बड़ा लो प्रेशर सिस्टम बनने जा रहा है। इसके चलते:

  • पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश
  • पश्चिम बंगाल
  • ओडिशा
  • झारखंड
  • छत्तीसगढ़
  • बिहार
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश

इन राज्यों में 25 या 26 सितंबर से 2-3 दिन भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 3 इंच तक बारिश संभव है।

अन्य घटनाएं

  • हिमाचल के किन्नौर जिले के निगुलसरी क्षेत्र में 6 दिन पहले भूस्खलन हुआ था। नेशनल हाईवे-5 बाधित हो गया था। अब वहां से मलबा हटाया जा रहा है और वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे शुरू हो गई है।
  • झांसी (उत्तर प्रदेश): महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के ऑपरेशन थिएटर ब्लॉक में 7 फीट लंबा सांप घुस गया। एक कर्मचारी ने सांप को देखकर शोर मचाया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। किसी की हिम्मत नहीं हुई कि अंदर जाए। 45 मिनट की मशक्कत के बाद सपेरे ने सांप को पकड़ लिया