उत्तर-पश्चिमी राज्यों में 12 गुना तक ज्यादा बारिश : दो दिनों में 7 राज्यों के 31 लोगों की मौत, हिमाचल प्रदेश में 150 रोड बंद
दिल्ली। कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून लगभग पूरे उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में पहुंच गया है। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में 24 घंटे में सामान्य से 2 से 12 गुना तक अधिक बारिश हुई है। सोमवार को मानसून पंजाब और गुजरात में और आगे बढ़ा। देश के पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिम व पश्चिमी राज्यों में पांच दिन मानसून सक्रिय रहेगा। अगले 24 घंटे में 24 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। दो दिन में बारिश और भूस्खलन जैसी घटनाओं से सात राज्यों में 31 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 9 हिमाचल प्रदेश में, 6 मुंबई में, 6 राजस्थान में, 2-2 हरियाणा और पंजाब में हुईं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में करंट लगने से 1 महिला की जान गई है।
हिमाचल के मंडी जिले में 48 घंटे में भूस्खलन की दो घटनाएं हुईं। इसके चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 दो जगहों पर घंटों बंद रहा। इस रूट पर लगा जाम 20 घंटे बाद खुला। अब भी यहां 150 रोड बंद हैं। आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 102.5 करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका है।
मध्यप्रदेश: भोपाल में भारी बारिश का अलर्ट, प्रदेशभर में मानसून एक्टिव
प्रदेश में 24 जून को मानसून की एंट्री मंडला जिले से हो गई। सोमवार को 16 जिलों में तेज और रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बैतूल, हरदा, बुरहानपुर और खंडवा में अति भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। वहीं, भोपाल, विदिशा समेत 20 जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश: 6 दिन बारिश का अलर्ट; 150 सड़कें बंद, तीन दिनों में 103 करोड़ का नुकसान
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 6 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज के लिए चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों को ऑरेंज अलर्ट और कल से अगले 72 घंटे के लिए लिए यलो अलर्ट दिया गया है। प्रदेश में 3 दिन से हो रही भारी बारिश के बाद 150 से ज्यादा सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हैं।
उत्तर प्रदेश: 29 जिलों में अलर्ट, पश्चिम UP में 30 जून तक बरसात
UP में मानसून पूरी तरह एक्टिव हो चुका है। ऐसा कोई जिला नहीं बचा है, जहां बारिश न हुई हो। मौसम विभाग ने पश्चिम UP में आज से 30 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 27 और 28 जून को पूर्वी UP में बारिश के कम आसार हैं। 29 और 30 जून को पूर्वी UP में भी भारी बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़: बारिश से कई बस्तियां, कॉलोनियां जलमग्न, रायपुर में लोगों के बेडरूम डूबे
रायपुर शहर में सोमवार के पूरे दिन और रातभर बारिश होती रही। इस वजह से कई जगहों पर जल जमाव हो गया। तेलीबांधा आनंद विहार और आनंद नगर में तो जरा सी बारिश में किसी की गाड़ी डूब गई तो किसी का बेडरूम। लोगों के किचन, डायनिंग एरिया में नाली का पानी भर गया। घर में बदबूदार पानी में सोफा, फर्नीचर सब डूबा रहा।
बिहार: सामान्य से 76% कम बारिश, 10 जिले तो सूखे ही रहे
बिहार में मानसून की एंट्री तय समय से एक दिन पहले हो गई, सभी जिलों में पहुंच गया है, लेकिन अब तक कहीं भी झमाझम बारिश नहीं हुई है। सीमांचल के जिले किशनगंज को छोड़ दिया जाए तो किसी भी जिले में सामान्य बारिश का कोटा 50% तक पूरा नहीं हुआ है। पटना समेत 22 जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से 80 फीसदी कम बारिश हुई है।
Comments are closed.