इस्लामाबाद। इज़राइल और पाकिस्तान के बीच बयानबाज़ी का विवाद तेज हो गया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इज़राइल को “कैंसर राष्ट्र” और “मानवता के लिए अभिशाप” बताया, जिसके बाद इज़राइल की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आसिफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता चल रही है, उसी समय लेबनान में इज़राइल हमले कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इज़राइल निर्दोष लोगों की हत्या कर रहा है—पहले गाज़ा, फिर ईरान और अब लेबनान में।
इस बयान पर इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। बयान में कहा गया कि किसी भी देश द्वारा इज़राइल के विनाश की बात करना अस्वीकार्य है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं इज़राइल के विदेश मंत्री गिडियन सआर ने भी इस टिप्पणी को “यहूदी-विरोधी” करार देते हुए कहा कि किसी राष्ट्र को “कैंसर” कहना उसके विनाश का आह्वान करने जैसा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इज़राइल ऐसे बयानों और खतरों के खिलाफ अपनी रक्षा करेगा।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल बढ़ गई है, लेकिन इज़राइल की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ किसी ठोस कार्रवाई की घोषणा नहीं की गई है।
पाकिस्तान का सरेंडर: नेतन्याहू की धमकी से डरे रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। इस्राइल पर तीखी टिप्पणी करने के बाद उन्होंने अपना सोशल मीडिया पोस्ट हटा लिया है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, ख्वाजा आसिफ ने पहले इस्राइल की आलोचना करते हुए उसे मानवता के लिए अभिशाप बताया था और कथित तौर पर ‘नरक में जलना’ जैसी कड़ी भाषा का इस्तेमाल किया था। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रिया तेज हो गई और विवाद बढ़ने लगा। मामले के तूल पकड़ने के बाद उन्होंने एक्स से अपना पोस्ट डिलीट कर दिया। हालांकि, इस पर पाकिस्तान सरकार या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
विज्ञापन
रक्षा मंत्री पर भड़के नेतन्याहू
इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा था कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा इस्राइल के विनाश की बात करना बेहद आपत्तिजनक और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा बयान है जिसे किसी भी सरकार की ओर से बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, खासकर तब जब वह खुद को शांति का पक्षधर बताती है।
आसिफ ने क्या कहा था?
दरअसल, बीते दिनों पाकिस्तान के बड़बोले ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर इस्राइल को बुरा और मानवता के लिए अभिशाप बताया था। आसिफ ने लेबनान में हो रही हिंसा को नरसंहार करार दिया और कहा कि निर्दोष लोगों की जान जा रही है। ऐसे में अब इस्राइल ने इस बयान पर अपनी कड़ी नाराजगी जताई है। इस्राइल ने इसे बेहद गंभीरता से लेते हुए इसे अस्वीकार्य करार दिया है। ऐसे में अब यह मामला अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा का विषय बन गया है, जहां एक तरफ इसे कूटनीतिक तनाव बताया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ इसे दोनों देशों के बीच बढ़ती बयानबाजी का हिस्सा माना जा रहा है।