अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। क्रिकेटर रिंकू सिंह भी पिता के निधन के बाद टी-20 विश्व कप को बीच में छोड़कर अलीगढ़ पहुंचे। रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का आज यानी शु्क्रवार सुबह करीब 4:36 बजे ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे चौथे स्टेज के लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले ही उनकी तबीयत काफी खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर चल रहे थे।
अलीगढ़ लाया गया पार्थिव शरीर
रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह के निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अलीगढ़ लाया गया। वहीं, पिता के निधन की जानकारी मिलते ही रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप छोड़कर चेन्नई से अलीगढ़ अपने घर पहुंचे। पिता की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा के बाद शंकर विहार स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे सोनू सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी।
रिंकू सिंह इससे पहले पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही मंगलवार को टीम इंडिया का साथ छोड़कर नोएडा पहुंचे थे। इस कारण उन्हें टी-20 विश्व कप का प्रैक्टिस सेशन छोड़ना पड़ा था। हालांकि, 25 फरवरी को रिंकू चेन्नई लौटे और टीम के साथ जुड़े थे।
मैच से रहे थे बाहर
रिंकू सिंह को 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के साथ सुपर 8 के मैच में प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिल सकी थी। उनकी जगह टीम में संजू सैमसन खेले थे। हालांकि, सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर फील्डिंग कर रहे थे। युवराज सिंह समेत तमाम पूर्व क्रिकेटर्स और आईपीएल टीम केकेआर ने रिंकू सिंह के पिता के निधन पर दुख जताया।
रिंकू की मंगेतर और मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने कहा कि प्रिया कई दिनों से रिंकू के परिवार के साथ हैं। हम भी रात में गए थे। वापस आते वक्त रास्ते में निधन की सूचना मिली। इसके बाद उनका परिवार भी अलीगढ़ पहुंचा।