Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

खारकीव में रूसी हमले में 8 लोगों की मौत, दहशत का माहौल, मोदी ने की जेलेंस्की से बात

- Sponsored -

- Sponsored -


नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से क्षेत्र में तीव्र लड़ाई के बीच पूर्वी यूक्रेनी शहर सूमी में फंसे सैकड़ों भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए समर्थन मांगा। ज्ञात हो कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 11वां दिन है। यूक्रेन के कई बड़े शहरों में रूसी बमबारी से बड़ा नुकसान हुआ है। भारी रूसी गोलाबारी और हिंसा का सामना कर रहे देश के पूर्वी हिस्से के अन्य क्षेत्रों सहित पूरे यूक्रेन से लगभग 16,000 भारतीय नागरिकों को निकाला गया है। इस बीच समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया कि रूसी सेना ने सोमवार को यूक्रेन की राजधानी कीव और तीन अन्य प्रमुख शहरों में मानवीय गलियारों को खोलने के लिए संघर्ष विराम की घोषणा की है।
अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय ने ‘यूक्रेन मामले में सुनवाई शुरू की
अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय ने ‘यूक्रेन के नरसंहार और रूस के सैन्य आक्रमण के खिलाफ’ मानवाधिकारों के हनन के मामले में हेग में सुनवाई शुरू की।
‘यूक्रेनी लोगों के समर्थन के लिए भारत का आभारी हूं’
जेलेंस्की ने ट्वीट कर कहा, “रूसी आक्रमण के मुकाबला के बारे में भारतीय प्रधानमंत्री मोदी को सूचित किया। युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता और उच्चतम स्तर पर शांतिपूर्ण वार्ता के लिए यूक्रेन की प्रतिबद्धता की भारत ने सराहना की है। यूक्रेन के लोगों के समर्थन के लिए भारत का आभारी हूं।”
चीन बोला- मध्यस्थता को तैयार
यूक्रेन और रूस के बीच तीसरे दौर की वार्ता से पहले चीन ने बड़ा बयान दिया है। चीन के विदेश मंत्री ने कहा है कि वह युद्ध को रुकवाने के लिए दोनों देशों में मध्यस्थता करने को तैयार हैं।
यूक्रेन में फंसे नागरिकों को वापस लाना सरकार का कर्तव्य : कांग्रेस
कांग्रेस ने यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पैदा हुए हालात पर चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि युद्धग्रस्त देश में फंसे सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए सारे प्रयास करना सरकार का कर्तव्य है और अतीत में भी ऐसे हालात में पूर्ववर्ती सरकारों ने सफल अभियान चलाए थे।
पुतिन ने बेनेट से यूक्रेन विवाद पर की बातचीत
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने यूक्रेन की स्थिति पर बातचीत की। क्रेमलिन के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति पुतिन और इजरायली प्रधानमंत्री बेनेट ने मॉस्को में अपनी बैठक के बाद फोन पर बातचीत की। क्रेमलिन ने अपने बयान में कहा,”उन्होंने डोनबास की रक्षा के लिए रूस के विशेष सैन्य अभियान के बारे में विचारों का वस्तिृत आदान-प्रदान जारी रखा, जिसमें नफ्ताली बेनेट के कई राज्यों के नेताओं के साथ हालिया संपर्कों को ध्यान में रखा गया।”
मोदी ने की जेलेंस्की से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की। करीब 35 मिनट तक चली इस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में उभरती परिस्थितियों पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच बात ऐसे समय में हुई है, जब रूस के हमले का सामना कर रहे यूक्रेन से छात्रों समेत अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत हर संभव प्रयास कर रहा है।
यूक्रेन के बड़े शहरों में आज सीजफायर
रूस ने यूक्रेन के बड़े शहरों जैसे कीव, खारकीव, मारियुपोल और सूमी में सीजफायर की घोषणा की है।इन शहरों में लोगों को निकालने के लिए आज दोपहर 12.30 बजे से सीजफायर किया जाएगा। इसके लिए फ्रांस के राष्ट्रपति ने भी पुतिन से अपील की थी।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.