सिलीगुड़ी। गुप्त सूचना के आधार पर बागडोगरा वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया। शुक्रवार देर रात गोसाईपुर चेकपोस्ट पर एक पिकअप वैन का पीछा कर उसे रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखे गए पांच सागौन (शाल) लकड़ी के लॉग बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
मौके से पिकअप वैन के चालक बाबाई देवनाथ को गिरफ्तार किया गया, जो सिलीगुड़ी संलग्न फूलबाड़ी का रहने वाला है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लकड़ी को शालबाड़ी क्षेत्र से लोड किया गया था और इसे बिहार में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।
वन विभाग की तत्परता के कारण तस्करी की यह कोशिश विफल हो गई। जब्त पिकअप वैन को बागडोगरा वन विभाग कार्यालय लाया गया है। आरोपी को शनिवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
बागडोगरा रेंज के बीट ऑफिसर नरेश कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी लकड़ी तस्करी के आरोप हैं और उसकी गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी। इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।