जम्मू। जम्मू-कश्मीरमें आज, सोमवार, 23 मार्च को एक बम धमाके का मामला सामने आया है। सांबा (Samba) ज़िले के एक गांव में यह बम धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि तड़के सुबह करीब 2 बजे घगवाल सेक्टर के गवाला तालाब (Gawala Talab) गांव में सरपंच जय राम शर्मा के घर के बाहर बम धमाका हुआ, जिससे हड़कंप मच गया। बम धमाके में घर का गेट और कंपाउंड की दीवार पूरी तरह से टूट गई।
कोई नहीं हुआ हताहत
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के घगवाल सेक्टर के गवाला तालाब गांव में आज हुए इस बम धमाके में कोई हताहत नहीं हुआ है, जिसकी जानकारी लोकल अधिकारियों ने दी। धमाके की वजह से किसी को चोट भी नहीं आई है।
इंटरनेशनल बॉर्डर के पास है गांव
गवाला तालाब गांव भारत और पाकिस्तान की इंटरनेशनल बॉर्डर के पास है। अधिकारियों ने बताया कि इस गवाला तालाब गांव इंटरनेशनल बॉर्डर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। इस वजह से यह आशंका जताई जा रही है कि बम धमाके के पीछे पाकिस्तान कनेक्शन हो सकता है। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की जांच शुरू
बम धमाके के बाद पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीमें गवाला तालाब गांव पहुंचीं और धमाके की जगह से सैंपल लिए ताकि धमाके की असली वजह का पता लगाया जा सके। इस घटना के बारे में संबंधित पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।