डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम को पहला मैच तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना खेलना पड़ सकता है। 7 फरवरी को अमेरिका से होने वाले मुकाबले से यह तेज गेंदबाज बाहर रह सकता है। बताया जाता है कि जसप्रीत बुमराह बीमार हैं. इस वजह से वह भारत और अमेरिका के बीच मुकाबले से बाहर रह सकते हैं। यह मैच मुंबई में शाम सात बजे से खेला जाना है।
दी इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह वायरल फीवर से जूझ रहे हैं।इस वजह से टीम मैनेजमेंट आगामी मैचों को देखते हुए इस तेज गेंदबाज को आराम दे सकता है। बुमराह मैच से एक दिन पहले यानी 6 फरवरी को टीम इंडिया की प्रैक्टिस में आए थे।मगर उन्होंने ट्रेनिंग नहीं की थी। अगर बुमराह पहले मैच के सेलेक्शन से बाहर रहते हैं तो टीम इंडिया के पास प्लेइंग इलेवन के लिए केवल 13 खिलाड़ी की उपलब्ध होंगे।
बुमराह बाहर हुए तो कौन खेलेगा
हर्षित राणा घुटने में चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को जगह दी गई है। अगर बुमराह पहले मैच से बाहर रहते हैं तो मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में रखा जा सकता है। हैदराबाद से आने वाले इस पेसर को 6 फरवरी को ही टीम इंडिया से जोड़ा गया था. हर्षित को वॉर्म अप मुकाबले के दौरान चोट आई थी।
सुंदर अभी तक नहीं हो पाए फिट
टीम इंडिया पहले ही वाशिंगटन सुंदर के बिना टी20 वर्ल्ड कप में उतर रही है।यह खिलाड़ी पसलियों में चोट की वजह से अभी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में है. उन्हें फिटनेस सर्टिफिकेट दिया नहीं गया है. समझा जाता है कि अगले सप्ताह तक वे भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा बन जाएंगे।
इशान-अभिषेक कर सकते हैं ओपन
माना जा रहा है कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में इशान किशन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी के साथ उतर सकती है। संजू सैमसन को बाहर रहना पड़ सकता है। हालिया फॉर्म के चलते वे सेलेक्शन के दायरे में पीछे हो गए। वहीं किशन ने वापसी के बाद से कमाल का प्रदर्शन किया. उन्होंने न्यूजीलैंड सीरीज में एक अर्धशतक व शतक बनाया था. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म अप में भी उन्होंने फिफ्टी बनाई थी।
भारतीय टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, इशान किशन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह.